DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कांग्रेस ने थाना घेराव कर मांगा गृहमंत्री का इस्तीफा:बढ़ते अपराधों पर प्रदर्शन, पुलिस पर लापरवाही के आरोप, कहा- नशा कारोबार अपराध की बड़ी वजह

रायपुर,एजेंसी। रायपुर में बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने आज टिकरापारा थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। लूट, हत्या, बलात्कार, चोरी और छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुई युवक अजय अग्रवाल की हत्या का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि, आरोपी के साथ उसका विवाद लंबे समय से चल रहा था। इसकी जानकारी पुलिस को भी थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

उनका कहना था कि, पुलिस की लापरवाही के कारण ही हत्या जैसी घटना हुई, इसलिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। बढ़ते नशे का कारोबार भी अपराध की बड़ी वजह है।

रायपुर में बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस ने आज टिकरापारा थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया।

नशे के चलते बढ़ रहा क्राइम

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार को भी अपराध की बड़ी वजह बताया है। उनका कहना था कि अवैध शराब और ड्रग्स की उपलब्धता के चलते अपराध बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही युवती कंचन साहू की गुमशुदगी, चेन स्नेचिंग और रोजाना हो रही मारपीट की घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसिंग मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की।

कांग्रेस ने राज्य सरकार की कमिश्नरेट प्रणाली पर भी सवाल उठाए। नेताओं का कहना था कि व्यवस्था लागू तो कर दी गई, लेकिन थानों में पर्याप्त स्टाफ नहीं है। सब-इंस्पेक्टर, हवलदार और सिपाहियों की भर्ती में देरी के कारण हालात बिगड़ रहे हैं।

पेट्रोलिंग बढ़ाने और पुलिसिंग मजबूत करने का आश्वासन

प्रदर्शन के दौरान एएसपी नवनीत पाटिल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने और पुलिसिंग को मजबूत करने की बात कही। करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version