बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथ पंखे लेकर तिफरा स्थित सीएसईबी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ करने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी टेबल फैन लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए। बिजली विभाग ने सुरक्षा के लिए दफ्तर के दोनों गेट पर ताले लगा दिए थे। गेट पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
प्रदर्शन में तखतपुर, बिल्हा, मस्तूरी, बेलतरा और बिलासपुर से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इसमें प्रदेश पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली दफ्तर घेरा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर और ग्रामीण अध्यक्ष विजय पांडेय और विजय केशरवानी ने पहले कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता की। इसके बाद कार्यकर्ता बिजली दफ्तर का घेराव करने निकले।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। शहर अध्यक्ष विजय पांडेय और ग्रामीण अध्यक्ष विजय केशरवानी ने बिजली बिल हाफ करने संबंधी ज्ञापन ईडी अम्बष्ट को सौंपा।
जनता के साथ छलावा कर रही भाजपा सरकार
विजय केशरवानी ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार जनता के साथ छलावा कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू की थी। इससे प्रति माह 44 लाख लोगों को फायदा मिल रहा था।
केशरवानी ने दावा किया कि 5 वर्षों में एक परिवार को 40 से 50 हजार का लाभ हुआ था। लेकिन विष्णुदेव सरकार ने इस योजना को बंद कर मात्र 100 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू की है।
