DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मंत्री केदार कश्यप का बंगला घेरने निकले कांग्रेसी:पुलिस ने बीच रास्ते में रोका तो हुई झूमाझटकी, कांग्रेसियों ने मांगा इस्तीफा, कहा- लड़ाई जारी रहेगी

रायपुर,एजेंसी। मंत्री केदार कश्यप पर एक कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी मैदान कांग्रेस भवन से रैली निकालकर नगर निगम व्हाइट हाउस होते हुए मोतीबाग चौक की ओर बढ़े।

लेकिन मंत्री बंगले की ओर बढ़ने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को मोतीबाग के पास रोक दिया। जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई। कांग्रेसियों ने मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर इस्तीफा देने की मांग की।

बाइक रैली निकालकर मंत्री का निवास घेरने निकले कांग्रेसी।

भाजपा नेताओं का दिमाग 7वें आसमान पर- विकास

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि, भाजपा नेताओं का दिमाग 7वें आसमान पर है। भाजपा के नेता जनता के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। मंत्री केदार कश्यप ने एक कर्मचारी को बंद कमरे में बुलाकर गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ित कर्मचारी ने अपनी आपबीती खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को फोन पर बताई है।

मोतीबाग के पास पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोका इस दौरान झूमाझटकी हुई।

पुलिस नहीं लिख रही FIR

उपाध्याय ने कहा कि, पीड़ित की शिकायत के बावजूद पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर रही है। कांग्रेस पार्टी उसकी लड़ाई लड़ रही है। इसके उलट कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

विकास ने कहा कि, भाजपा को नैतिकता के नाते मंत्री केदार कश्यप से इस्तीफा लेना चाहिए। जब तब पीड़ित को न्याय नहीं मिलता कांग्रेस की लड़ाई सड़क पर जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित कर्मचारी के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार और मंत्री केदार कश्यप की होगी।

कांग्रेसियों को रोकने बड़ी संख्या में पुलिस बल मोतीबाग के पास मौजूद रही।

लोकतंत्र के अपमान का प्रतीक

शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि, मंत्री केदार कश्यप का कर्मचारी के साथ किया गया दुर्व्यवहार लोकतंत्र के अपमान का प्रतीक है। जनता और कर्मचारियों का अपमान करने वाले मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। हम उनके इस्तीफे की मांग पर अडिग हैं।

ये मौजूद रहे

कांग्रेस के प्रदर्शन में उधो राम वर्मा, छाया वर्मा, प्रमोद दुबे, आकाश शर्मा, अरुण जंघेल, प्रशांत ठेंगड़ी, दीपा बग्गा, देव कुमार साहू, माधव साहू, अनु साहू, अशोक ठाकुर, आकाश तिवारी, अरुण ताम्रकार, अमन गिल, जी श्रीनिवास, बंशी कन्नौजे समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version