DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जमीन गाइडलाइन दरें बढ़ाने पर कांग्रेस का प्रदर्शन:जांजगीर-चांपा में फूंका पुतला, भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, कहा- फैसला आम जनता के खिलाफ

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में राज्य सरकार द्वारा जमीन की गाइडलाइन दरों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ पुतला जलाया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर आयोजित किया गया था।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने गाइडलाइन दरों में वृद्धि को “जनता विरोधी निर्णय” बताया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नई गाइडलाइन के कारण जमीन आम जनता की पहुंच से बाहर हो जाएगी और इससे समाज का हर वर्ग प्रभावित होगा।

जमीन दरों के फैसले को वापस न लेने तक आंदोलन रहेगा जारी

नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार इस निर्णय को वापस नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस ने इस आंदोलन को “जनता की लड़ाई” बताया, जिसमें हर उस व्यक्ति की आवाज शामिल है जो इस फैसले से प्रभावित होगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाया

प्रदर्शन के दौरान एसडीओपी कविता ठाकुर अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद थीं। हालांकि, पुलिस पुतले को जलने से रोकने में विफल रही। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई।

पुलिस न तो पुतले को छीन सकी और न ही उस पर पानी डालकर आग बुझा सकी। बाद में कांग्रेस नेताओं ने स्वयं जलता हुआ पुतला पुलिस को सौंप दिया।

Exit mobile version