DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा में बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन:नेता प्रतिपक्ष बोले- निगम के 900-DMF के 600 करोड़ के बावजूद सड़कों की हालत खराब

कोरबा। कोरबा के नगर निगम क्षेत्र में दादर रोड की बदहाल स्थिति को लेकर गुरुवार दोपहर कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया। पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर और ब्लॉकों की सड़कें जर्जर हो चुकी हैं, लेकिन भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।

उनका कहना है कि निगम के 900 करोड़ और DMF के 600 करोड़ के बावजूद सड़कों की हालत बदहाल है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सड़कों की मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं का सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

जनता को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष साहू ने कहा कि कोरबा शहर में सड़कों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।

कमीशन के चक्कर में नहीं खोले जा रहे टेंडर

नेता प्रतिपक्ष कृपा राम साहू ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता दादर रोड की मरम्मत और शहर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” के बावजूद नगर निगम का 900 करोड़ रुपए का बजट और DMF की 600 करोड़ रुपए की राशि हर साल उपलब्ध हो रही है।

इसके बाद भी सड़कों की हालत बदहाल है। कमीशन के चक्कर में टेंडर खोले नहीं जा रहे हैं। शहर हो या गांव, हर जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। जनता को सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं,” उन्होंने कहा।

सड़क सुधार के लिए आंदोलन

जिला युवा कांग्रेस नेता राकेश पंकज ने बताया कि कुछ दिन पहले भी कांग्रेस ने जय सिंह अग्रवाल के मार्गदर्शन में गौ माता चौक पर सड़क आंदोलन किया था, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि अब हर ब्लॉक में सड़कों की स्थिति बद से बदतर है।

जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं

पंकज ने आरोप लगाया कि उद्योग मंत्री और नगर निगम के अधिकारी केवल बैठकों और बयानबाजी में व्यस्त हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं दिख रहा। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग मंत्री ने कोरबा जिले में 700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया था, लेकिन आज तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है।

Exit mobile version