
सक्ती। सक्ती जिले के हसौद थाना परिसर में एक आरक्षक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना थाना परिसर स्थित बैरक की है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

मृतक की पहचान 41 वर्षीय आरक्षक जय लहरे के रूप में हुई है। वे पामगढ़ थाना क्षेत्र के भलवाही (लगरा) गांव के निवासी थे। उनकी पत्नी का नाम दिलीश्वरी लहरे है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनका शव बैरक की खिड़की में बोरा सिलने वाली प्लास्टिक की रस्सी के फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरक्षक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।