DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अमृत सरोवर के परिसर में मनाया गया संविधान दिवस

उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर ग्रामीणों ने लिया संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प

पौधरोपण एवं श्रमदान के माध्यम से दिया पर्यावरण और जल संरक्षण का संदेश

कोरबा। संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न अमृत सरोवर स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक श्रमदान से सरोवर परिसर की साफ-सफाई, पौधरोपण तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की ग्राम पंचायत तानाखार स्थित अमृत सरोवर परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संविधान दिवस मनाया गया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं पंचायत कर्मियों ने संवैधानिक आदर्शों के पालन और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा अमृत सरोवर के तट पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी, सीईओ जनपद पंचायत खगेश निर्मलकर, सरपंच, पंच, विद्यार्थी, ग्राम रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version