DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

MP-राजस्थान समेत 6 राज्यों में 48 घंटे से लगातार बारिश:हिमाचल में चलती कार पर पत्थर गिरे, 259 सड़कें बंद

नई दिल्ली, एजेंसी। मध्य प्रदेश,राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और छत्तीसगढ़ में पिछले 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है।

भोपाल में दो दिन से बारिश जारी है। यहां 24 घंटे में 7 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। स्कूलों में दो दिन की छुट्‌टी कर दी गई। शहर में 1,000 से ज्यादा घरों के आसपास 5 फीट तक पानी भर गया।

राजस्थान के 6 जिलों में आज बारिश का ऑरेंज और 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में पिछले 24 घंटे में हाड़ौती क्षेत्र (कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़) में 12 इंच तक बारिश हुई।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में NH-305 पर चलती गाड़ी पर मलबा और चट्टानें गिर गईं। हादसे में गाड़ी सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि गाड़ी मलबे के नीचे दब गई। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बीती रात से बारिश हो रही है। इसके चलते राज्य में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन समेत 259 सड़कें, 161 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 54 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।

सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति

दो सिस्टम एक्टिव होने से MP, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश

देश के मध्य हिस्से में इस समय एक लो-प्रेशर एरिया और मानसून ट्रफ सक्रिय है। उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास बना लो-प्रेशर एरिया बारिश करा रहा है। इसके असर से मध्य प्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। IMD ने 11-12 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

वहीं, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक और मौसम सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने पर पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती हैं।

इस बीच, मानसून ट्रफ भी उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने लो-प्रेशर एरिया के केंद्र से होकर गुजर रही है। आसान भाषा में समझें तो अभी बारिश कराने वाले सिस्टम सक्रिय हैं, इसलिए मध्य और पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

देशभर से मौसम की तस्वीरें

एमपी के सीहोर में शनिवार से मंगलवार सुबह तक 8 इंच बारिश हुई। यहां भीलाखेड़ी नदी के पास बना एक मकान बाढ़ की चपेट में आ गया। इसमें रह रहे 10 लोग पानी में फंस गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी को सुरक्षित निकाला।

हिमाचल के कुल्लू में मंगलवार सुबह NH-305 पर चलती कार पर चट्टानें गिर गईं। हादसे में गाड़ी सवार 2 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मलबे से बाहर निकाला।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मंगलवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। यहां सड़कों पर करीब 2 फीट तक पानी भर गया है।

राजस्थान के जयपुर में मंगलवार सुबह से बारिश हो रही है। बारिश के कारण जेके लोन हॉस्पिटल के सामने बस स्टैंड का शेड गिर गया। इसमें कुछ लोग फंस गए।

Exit mobile version