जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। विवाद के बाद रास्ते में दोबारा मारपीट हुई, जिसमें 74 साल के जोत राम कश्यप को गंभीर चोटें आईं। इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विसर्जन के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो गई। राहुल ने इसकी जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी। रोहित मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई।
इसके बाद रोहित, राहुल और जोत राम कश्यप बाइक से शिकायत दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे। इसी दौरान गांव के हाईस्कूल के पास उनकी मुलाकात शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप से हुई।

रास्ते में फिर शुरू हुई मारपीट
पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि शिव कश्यप ने डंडे से हमला किया, जबकि नारायण और संजय ने हाथ-मुक्के और पैर से मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, सविता कश्यप ने राहुल को पकड़कर उसके साथ मारपीट की।
इसी दौरान जोत राम को जमीन पर पटक दिया गया। उनके सिर और छाती में गंभीर चोट लगी। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
4 आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिव कुमार कश्यप, संजय कश्यप, नारायण कश्यप और सविता कश्यप, सभी ग्राम गतवा के निवासी हैं।
