DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शराब दुकान और अहाता सेंटर को लेकर विवाद:कोरबा में चखना दुकान संचालक और युवक के बीच मारपीट, दोनों के खिलाफ केस दर्ज

कोरबा। कोरबा के बरपाली गांव में अंग्रेजी शराब दुकान और अहाता सेंटर को लेकर विवाद गहरा गया है। अहाता सेंटर के संचालक राजेश शर्मा ने जिला आयुक्त से मिलकर पड़ोसी कैला रात्रे पर अवैध शराब बिक्री का आरोप लगाया है।

राजेश का आरोप है कि कैला रात्रे अपने घर और दुकान में अवैध रूप से शराब पिलाती हैं। जब उन्होंने कैला को समझाया कि दुकान में केवल चखना बेचा जा सकता है, तो उन्होंने इसे व्यक्तिगत मुद्दा बना लिया।

21 अगस्त को बरपाली में ग्रामसभा बुलाई गई। सरपंच और पंचायत सदस्यों ने गांव से अंग्रेजी शराब दुकान हटाने का प्रस्ताव पारित किया। कैला रात्रे ने इस निर्णय को नहीं माना।

अहाता सेंटर में तोड़फोड़

राजेश के मुताबिक, कैला ने अपने परिचित प्रकाश दास महंत उर्फ पड़की को शराब पिलाकर अहाता सेंटर में तोड़फोड़ करवाई। प्रकाश ने राजेश के साथ मारपीट की और उनके परिवार को गालियां दीं। बचाव में राजेश को भी चोटें आईं।

आयुक्त ने कहा कि वे पूरे जिले को छोड़कर सिर्फ एक मामले पर ध्यान नहीं दे सकतीं। वहीं उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। यह विवाद अब गांव में तनाव का कारण बन गया है।

Exit mobile version