DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

देश की आर्थिक वृद्धि दर 2026-27 में 7% रहने का अनुमान: एसएंडपी

नई दिल्ली, एजेंसी। देश की अर्थव्यवस्था चालू और अगले वित्त वर्ष में सात प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है। इसके साथ ही भारत 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में बना रहेगा। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने सोमवार को यह अनुमान जताया। एसएंडपी ने कहा कि अल नीनो के कारण एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं, विशेषकर भारत में खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की एक और बढ़ोतरी कर सकता है। 

एसएंडपी की एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, ऊर्जा की ऊंची कीमतें क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी रहेंगी, जबकि कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बढ़ता निवेश सबसे बड़ा सकारात्मक कारक होगा। हालांकि, 2027 में इन दोनों कारकों का प्रभाव कुछ कम होने की उम्मीद है। एसएंडपी ने कहा, ”हमें उम्मीद है कि वियतनाम और भारत 2027 में इस क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाएं होंगी।” 

रेटिंग एजेंसी ने चालू और अगले वित्त वर्ष में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। एसएंडपी के मुताबिक, अप्रैल-जून और जुलाई- सितंबर तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि को वस्तुओं के मजबूत निर्यात, सार्वजनिक क्षेत्र के निवेश और घरेलू खपत से समर्थन मिला। घरेलू खपत में तेजी की प्रमुख वजह कर्ज की मजबूत वृद्धि रही। भारत 30 नवंबर को जुलाई-सितंबर तिमाही के जीडीपी वृद्धि के आधिकारिक आंकड़े जारी करेगा।

 इससे पहले, आरबीआई ने पिछले महीने सितंबर तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था, जबकि वित्त मंत्रालय की मासिक आर्थिक समीक्षा में इसके 7.35 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गई थी। एसएंडपी ने कहा कि वस्तुओं के निर्यात को ऊंची जिंस कीमतों से फायदा हुआ है। इसके अलावा व्यापार में विविधता और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में भारत के बढ़ते जुड़ाव ने भी निर्यात को मजबूती दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग सामान और रसायनों के निर्यात में यह मजबूती विशेष रूप से दिखाई दी है। हालांकि, रेटिंग एजेंसी का मानना है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में आर्थिक वृद्धि और महंगाई का परिदृश्य कम अनुकूल हो सकता है। 

Exit mobile version