DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

तिरुपति में चेन्नई के दंपती ने 121 किलो सोना चढ़ाया:कीमत करीब 208 करोड़ रुपए, इस मंदिर में किसी भक्त का सबसे बड़ा दान

तिरुमला, एजेंसी।तिरुमला के तिरुपति मंदिर में चेन्नई के एक भक्त ने गुरुवार को 121 किलो सोने के आभूषण दान किए। इनकी कीमत करीब 208 करोड़ रुपए है।

यह दान वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने दिया है। दान मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में हुआ।

दान में 9 सेट में रखे 45 जेवर और 238.2 कैरेट के हीरे शामिल हैं। दंपती ने मंदिर में भगवान वेंकटेश का मुकुट और पैरों के आभूषण भी चढ़ावे में दिए।

TTD के मुताबिक, तिरुमला में भगवान वेंकटेश्वर को किसी एक भक्त की ओर से दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा चढ़ावा है।

भगवान वेंकटेश के लिए बनाए गए ये जेवर 8 बक्सों में भरकर लाए गए। जेवरों को बनाने में 15 महीने लगे।

भगवान वेंकटेश के लिए लाए गए जेवरों को प्रदर्शित किया गया। इसमें सोने का बाघ का नाखून, कई तरह की चेन, मुकुट, रत्न और अन्य आभूषण शामिल थे।

9 सेट में 45 गहने सिर से पैर तक भगवान को सजाने के लिए लाए गए हैं।

9 सेट में 45 गहने सिर से पैर तक भगवान को सजाने के लिए लाए गए हैं।

वर्धमान जैन (बाएं तरफ जेवरों के बगल में) 2019 से तिरुपति को दान दे रहे हैं।

दान किए गए रत्नों और आभूषणों में से 106 किलो सोने के आभूषण भगवान के लिए थे, जबकि देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को 15 किलो वजन के आभूषण/पोशाक भेंट की गईं।

जैन ने कंपनी में अपना हिस्सा बेचा, उसी रकम से जेवर बनवाए

चेन्नई की कंपनी ‘वारा फ्यूचर एलएलपी’ के चेयरमैन वर्धमान जैन ने 121 किलो सोना दान किया। वर्धमान ने कंपनी में अपनी 60% हिस्सेदारी बेचकर 6000 करोड़ रुपए हासिल किए थे। इसी रकम में से वर्धमान ने भगवान श्री वेंकटेश्वर को यह सोना दान किया।

इससे पहले भी वे कई बार दान को लेकर चर्चा में रह चुके हैं…

  • 2024: चेन्नई में एक मंदिर के विस्तार के लिए 1 करोड़ रुपए का योगदान दिया।
  • नवंबर 2024: TTD के ‘अन्न प्रसादम ट्रस्ट’ को 1.01 करोड़ रुपए और ‘प्रणदानम ट्रस्ट’ को 1.01 करोड़ रुपए दान किए।
  • 2025: SV भक्ति चैनल को 5 करोड़ रुपए और गौ-संरक्षण के लिए 1 करोड़ रुपए दान किए।
  • मई 2026: तिरुपति के लिए एक इलेक्ट्रिक बस दान करने की घोषणा की।

तिरुपति मंदिर से जुड़ी खास बातें…

यहां बालों का दान किया जाता है: मान्यता है कि जो व्यक्ति अपने मन से सभी पाप और बुराइयों को यहां छोड़ जाता है, उसके सभी दुःख देवी लक्ष्मी खत्म कर देती हैं। इसलिए यहां अपनी सभी बुराइयों और पापों के रूप में लोग अपने बाल छोड़ जाते हैं।

भगवान विष्णु को कहते हैं वेंकटेश्वर: इस मंदिर के बारे में कहा जाता हैं कि यह मेरूपर्वत के सप्त शिखरों पर बना हुआ है, इसकी सात चोटियां शेषनाग के सात फनों का प्रतीक कही जाती हैं। इन चोटियों को शेषाद्रि, नीलाद्रि, गरुड़ाद्रि, अंजनाद्रि, वृषटाद्रि, नारायणाद्रि और व्यंकटाद्रि कहा जाता है।

इनमें से व्यंकटाद्रि नाम की चोटी पर भगवान विष्णु विराजित हैं और इसी वजह से उन्हें वेंकटेश्वर के नाम से जाना जाता है।

सिर्फ शुक्रवार को होते हैं पूरी प्रतिमा के दर्शन: मंदिर में बालाजी के दिन में तीन बार दर्शन होते हैं। पहला दर्शन विश्वरूप कहलाता है, जो सुबह के समय होता है। दूसरा दर्शन दोपहर को और तीसरा दर्शन रात को होता है। भगवान बालाजी की पूरी मूर्ति के दर्शन केवल शुक्रवार को सुबह अभिषेक के समय ही किए जा सकते हैं।

भगवान बालाजी ने यहीं दिए थे रामानुजाचार्य को दर्शन: यहां पर बालाजी के मंदिर के अलावा और भी कई मंदिर हैं, जैसे- आकाश गंगा, पापनाशक तीर्थ, वैकुंठ तीर्थ, जालावितीर्थ, तिरुच्चानूर। ये सभी जगहें भगवान की लीलाओं से जुड़ी हुई हैं। कहा जाता है कि श्रीरामानुजाचार्य लगभग 150 साल तक जीवित रहे और उन्होंने सारी उम्र भगवान विष्णु की सेवा की, जिसके बाद यहीं पर भगवान ने उन्हें साक्षात दर्शन दिए थे।

Exit mobile version