DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कांग्रेस का संगठन सृजन, बालकृष्ण बने रह सकते हैं जिलाध्यक्ष:दर्जनभर से अधिक दावेदार, पूर्व PCC अध्यक्ष बोले-युवाओं के साथ अनुभव को भी महत्व

सरगुजा,एजेंसी। कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत पर्यवेक्षकों का दल शनिवार को सरगुजा पहुंचा। पर्यवेक्षक दल में शामिल झारखंड पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि संगठन चुनाव में युवाओं के साथ अनुभव को भी महत्व दिया जाएगा। अध्यक्ष के चुनाव के लिए सभी वर्गों के लोगों से रायशुमारी की जाएगी। संगठन में जिसकी स्वीकार्यता हो, उनकी नियुक्ति होगी।

दरअसल, कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जानी है। जिसके लिए राजेश ठाकुर सहित छत्तीसगढ़ के पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेंद्र साहू, भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी, पूर्व संगठन मंत्री अमरजीत चावला सरगुजा पहुंचे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पर्यवेक्षक दल ने जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर प्राथमिकताएं बताईं। यह भी माना जा रहा है कि बालकृष्ण ही जिलाध्यक्ष बने रह सकते हैं। वे टीएस सिंहदेव के बेहद करीबी हैं।

अंबिकापुर पहुंचे कांग्रेस पर्यवेक्षक दल के सदस्य

अंबिकापुर पहुंचे कांग्रेस पर्यवेक्षक दल के सदस्य

युवा प्राथमिकता, अनुभव को इग्नोर नहीं करेंगें

झारखंड के पूर्व पीसीसी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि, कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम जिले से प्रदेश स्तर तक होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष का चयन ऊपर से नहीं होगा, बल्कि रायशुमारी से होगा। जितनी आबादी उनकी उतनी हिस्सेदारी होगी। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे की मंशा है कि युवाओं को प्राथमिकता दी जाए, लेकिन अनुभव को इग्नोर नहीं करेंगे।

राजेश ठाकुर ने कहा कि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। पर्यवेक्षक नामों का पैनल तैयार करेंगे। ब्लॉक और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की राय ली जाएगी। इसके साथ ही समाज के लोगों की भी राय लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नामों का पैनल तैयार करेगी।

पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की ली बैठक

सिंहदेव की पसंद का होगा जिलाध्यक्ष, करीब 10 दावेदार

सरगुजा में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत 10 से अधिक दावेदार हो सकते हैं। इनमें से पांच नामों का पैनल पीसीसी को भेजा जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कार्यकाल तीन सालों का होगा। संगठन सृजन कार्यक्रम में जो जिलाध्यक्ष बनेगा, वहीं छत्तीसगढ़ के अगले विधानसभा चुनाव तक अध्यक्ष होगा। इससे स्पष्ट है कि टीएस सिंहदेव की मंशा सरगुजा सहित संभाग के सभी जिलों में अपनी पसंद का जिलाध्यक्ष तय करने की है।

अध्यक्ष पद के दावेदारों के आवेदन शाम तक जमा होंगे। जिनका नाम दावेदारों की सूची में आया है, उनमें वर्तमान जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के अलावे द्वितेंद्र मिश्रा, शफी अहमद, राजू बाबरा, दानिश रफीक, दीपक मिश्रा, सिद्धार्थ सिंहदेव (उदयपुर), बंटी शर्मा, नरेंद्र सिंह छाबड़ा (सीतापुर) सहित अन्य दावेदार शामिल हैं।

बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारी व सदस्य

बालकृष्ण पाठक बने रह सकते हैं जिलाध्यक्ष

बालकृष्ण पाठक को कांग्रेस ने 6 महीने पहले ही जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी है। बालकृष्ण पाठक कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पादप बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा भी इससे पहले भी एक बार वे अविभाजित सरगुजा के कांग्रेस जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। बालकृष्ण पाठक के जिला अध्यक्ष बनने के बाद से सरगुजा में कांग्रेस ज्यादा सक्रिय हुई है।

माना जा रहा है कि टीएस सिंहदेव की पहली पसंद बालकृष्ण पाठक ही हैं। जिलाध्यक्ष के लिए पांच नाम भेजे जाने हैं, तो ये सभी पांच नाम टीएस सिंहदेव खेमे से ही भेजे जाने का प्रयास भी होगा। इसलिए भी अन्य आवेदन भरवाए जाएंगे।

कांग्रेस कार्यालय में जुटी भीड़

कांग्रेस पर्यवेक्षक दल की ओर से कांग्रेस कार्यालय में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान जिलेभर से कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। पर्यवेक्षकों ने सभी के साथ मुलाकात की और रायशुमारी की। वहीं दावेदार भी अपना पक्ष मजबूत करने में लगे हैं।

Exit mobile version