DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

Credit Card Spending: त्योहारों में भारतीयों ने जमकर स्वाइप किए क्रेडिट कार्ड, अक्टूबर में खर्च किए रू.2.45 लाख करोड़

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में दशहरा और दिवाली के त्योहारों के दौरान खरीदारी का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कपड़ों, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान और दूसरी जरूरतों पर जमकर पैसा खर्च किया। इस दौरान क्रेडिट कार्ड से भुगतान भी तेजी से हुआ। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल 2.45 लाख करोड़ रुपए खर्च किए गए। सितंबर में यह रकम 2.04 लाख करोड़ रुपए थी यानी एक महीने में क्रेडिट कार्ड खर्च में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले भी इस बार क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में 14.4 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। आंकड़ों से साफ है कि त्योहारी खरीदारी के दौरान लोगों ने डिजिटल भुगतान के साथ-साथ क्रेडिट कार्ड को भी खूब पसंद किया।

HDFC Bank के ग्राहकों ने सबसे ज्यादा खर्च किए पैसे

क्रेडिट कार्ड से खरीदारी के मामले में HDFC Bank ने अपनी बादशाहत कायम रखी। अक्टूबर में बैंक के ग्राहकों ने क्रेडिट कार्ड के जरिए 70,115 करोड़ रुपए खर्च किए। सितंबर के मुकाबले इसमें 7.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, SBI Card इस सूची में दूसरे स्थान पर रहा। इसके ग्राहकों ने अक्टूबर में 45,797 करोड़ रुपए की खरीदारी की, जो सितंबर की तुलना में 31 फीसदी अधिक है।

ICICI Bank के क्रेडिट कार्ड खर्च में सबसे तेज बढ़ोतरी देखने को मिली। बैंक का कुल खर्च 37 फीसदी उछलकर 42,295 करोड़ रुपए पहुंच गया। दूसरी तरफ, Axis Bank के ग्राहकों ने अक्टूबर में 30,211 करोड़ रुपए खर्च किए। इसमें महीने-दर-महीने आधार पर 30.5 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दुकानों से ज्यादा ऑनलाइन शॉपिंग पर खर्च

त्योहारी सीजन में लोगों का रुझान ऑनलाइन खरीदारी की तरफ ज्यादा रहा। कुल 2.45 लाख करोड़ रुपए के क्रेडिट कार्ड खर्च में से 1.54 लाख करोड़ रुपए ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खर्च किए गए। यह कुल खर्च का लगभग 63 फीसदी है।

इसके मुकाबले दुकानों और शोरूम में लगी पॉइंट ऑफ सेल (PoS) मशीनों के जरिए 90,562 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। इससे पता चलता है कि ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट लोगों की खरीदारी का अहम हिस्सा बन चुके हैं।

अक्टूबर में जुड़े 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड

क्रेडिट कार्ड से खर्च बढ़ने के साथ ही नए कार्ड जारी होने की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अक्टूबर में देश के प्रमुख बैंकों ने करीब 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए। इसके साथ ही देश में सक्रिय क्रेडिट कार्ड की कुल संख्या सितंबर के 12.53 करोड़ से बढ़कर अक्टूबर में 12.67 करोड़ हो गई। यह दर्शाता है कि देश में क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले लोगों का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

छोटे खर्चों के लिए भी बढ़ा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल

क्रेडिट कार्ड अब केवल बड़ी खरीदारी या महंगे सामान लेने तक सीमित नहीं रह गए हैं। लोग इनका इस्तेमाल रोजमर्रा के छोटे भुगतान के लिए भी कर रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, सालाना आधार पर क्रेडिट कार्ड से होने वाले कुल ट्रांजैक्शन की संख्या 32 फीसदी बढ़कर 68.3 करोड़ हो गई। हालांकि, इस दौरान प्रति ट्रांजैक्शन औसत खर्च में गिरावट आई है।

एक साल पहले जहां क्रेडिट कार्ड से एक ट्रांजैक्शन पर औसतन 4,133 रुपए खर्च किए जाते थे, वहीं अक्टूबर में यह रकम घटकर 3,585 रुपए रह गई। इससे संकेत मिलता है कि अब लोग बड़े बिलों के साथ-साथ छोटे-मोटे भुगतान के लिए भी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। त्योहारी खरीदारी के आंकड़े देश में बढ़ते डिजिटल भुगतान और बदलती उपभोक्ता आदतों की तस्वीर पेश करते हैं।

Exit mobile version