कोरबा। कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र के प्रेम नगर में खोलार नाले से लगी रेलवे पटरी के पास मगरमच्छ का बच्चा मिला है। देर रात लोगों ने उसे नाले के पास घूमते देखा। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद प्रेम साहू मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बोरे में पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
मामला वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल के प्रेम नगर का है। पार्षद प्रेम साहू ने बताया कि इससे पहले भी इस इलाके में एक मगरमच्छ निकला था, जिसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उन्होंने आसपास किसी बड़े मगरमच्छ के होने की आशंका जताई है। पार्षद ने वन विभाग से पूरे इलाके की जांच करने की अपील की है।

पहले भी मिल चुका है मृत मगरमच्छ
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक मगरमच्छ मृत मिला था। खोलार नाला हसदेव नदी से जुड़ा हुआ है। यहां अक्सर मगरमच्छ दिखाई देते हैं। बरसात के बाद पानी बढ़ने पर मगरमच्छ नाले के रास्ते रिहायशी इलाके तक पहुंच जाते हैं।
लोगों को नदी-नाले से दूर रहने की सलाह
पार्षद ने वार्ड के लोगों से कुछ दिन तक नदी और नाले में नहीं जाने की अपील की है। वन विभाग की टीम मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित जगह ले जाकर उसकी जांच कर रही है। उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि कहीं भी मगरमच्छ दिखाई देने पर उसे छेड़ें नहीं और तत्काल विभाग को सूचना दें।
