DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

राजस्थान में खड़े ट्रक में घुसी क्रूजर, 9 की मौत:सभी एक ही परिवार के, खाटूश्यामजी से लौट रहे थे

कोटा, एजेंसी। राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात एक बजे तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में क्रूजर सवार एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो बच्चे थे।

ट्रक ड्राइवर सहित 7 लोग घायल हुए हैं। हादसा कोटा के नाता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास हुआ। शव और घायल गाड़ी में फंस गए, जिन्हें पुलिस ने लोगों की मदद से निकालकर न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भिजवाया।

एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- क्रूजर में एक परिवार के 15 लोग सवार थे। सभी धुले (महाराष्ट्र) के रहने वाले हैं, जो खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे।

पुलिस के मुताबिक परिवार के कुल 36 लोग मंगलवार को तीन अलग-अलग गाड़ियों में धुले से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर, उज्जैन, राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए शनिवार सुबह 11 बजे खाटूश्यामजी पहुंचे थे।

सीएम ने कहा- अत्यंत पीड़ादायक

सीएम भजनलाल शर्मा ने X पर लिखा- कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

परिवार की महिला बोली- क्रूजर से 50KM दूर थी हमारी गाड़ी

परिवार की महिला ने बताया कि हम मंगलवार को महाराष्ट्र से निकले थे। उज्जैन, ओंकारेश्वर होते हुए खाटूश्यामजी पहली बार गए थे। तीन गाड़ियों में 36 लोग सवार थे और सभी आपस में रिश्तेदार हैं।

शनिवार रात 1:15 बजे फोन आया कि एक्सीडेंट हो गया, तब हम 50 किलोमीटर दूर थे। जब पहुंचे तो देखा सभी लोग घायल हैं और इनमें से कुछ लोगों की मौत भी हो गई थी।

पति-पत्नी, बेटा-बहू और पोती की मौत

हादसे में सज्जन पवार (62) और उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल पवार (75) व उनकी पत्नी सुशीला (62), बेटा कैलाश (35), बहू अनीता (34) पत्नी कैलाश, पोती जाह्नवी (7) और माधवी (32) व सानवी (3) की मौत हुई है। सज्जन और बाबूलाल भाई थे। सानवी, सज्जन की पोती और माधवी बहू थी। कैलाश सैलून का काम करता था।

मृतक उषा बाई, सुशीला और सज्जन। सज्जन और उषा पति-पत्नी थे।

सानवी (मृतक)

माधवी (मृतक)।

कैलाश उसकी पत्नी अनीता और बेटी जाह्नवी की मौत हो चुकी है। बेटा घायल है।

गाड़ी में डांस करते हुए बनाया था वीडियो

अलग-अलग धार्मिक स्थलों और यात्रा के दौरान परिवार के सदस्यों ने ग्रुप फोटो क्लिक करवाए थे। यही नहीं, परिवार ने गाड़ी में डांस करते हुए वीडियो भी बनाया था।

खाटूश्यामजी में परिवार के सभी सदस्यों ने ग्रुप फोटो लिया था।

परिवार के सभी सदस्यों ने सांवलिया सेठ मंदिर में एक साथ ग्रुप फोटो लिया था।

धार्मिक यात्रा के दौरान सभी ने अपना वीडियो भी बनाया।

यात्रा के दौरान गाड़ियों में परिवार के लोगों ने मस्ती करते हुए वीडियो बनाया।

ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा

हादसे की सूचना पर सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम मौके पर पहुंचीं। गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकवाया। घायलों को एंबुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया।

एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- क्रूजर में सवार सभी लोग धुले (महाराष्ट्र) के रहने वाले हैं, जो खाटूश्यामजी से दर्शन कर लौट रहे थे। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि संभवत: क्रूजर ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ है।

8 लोगों की मौके पर हुई थी मौत

न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने बताया कि 8 लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं एक महिला माधवी की हॉस्पिटल में मौत हुई है। 8 घायलों का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। इनमें मनीषा को वेंटिलेटर पर लिया है।

ट्रक के पिछले हिस्से में फंसने से क्रूजर पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

क्रूजर में लोग फंस गए थे, जिन्हें मुश्किल से बाहर निकाला गया।

घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।

हॉस्पिटल में घायलों से घटना की जानकारी लेती पुलिस।

हादसे की सूचना पर सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम मौके पर पहुंचीं।

तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे 36 लोग

क्रूजर के पीछे वाली गाड़ी में बैठे प्रदीप ने बताया- परिवार के सदस्य मंगलवार को धुले (महाराष्ट्र) से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। परिवार के कुल 36 लोग तीन अलग-अलग गाड़ियों में यात्रा कर रहे थे। सभी आपस में रिश्तेदार हैं।

सबसे पहले मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर और उज्जैन में दर्शन किए। इसके बाद राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर होते हुए खाटूश्यामजी पहुंचे। शनिवार शाम को खाटूश्यामजी से वापस रवाना हुए थे।

रास्ते में जयपुर में रात करीब 10:30 बजे सभी ने खाना खाया। हम रात 11:00 बजे जयपुर से खाना खाकर निकले थे। पहली गाड़ी आधा घंटा पहले निकल गई थी।

सबसे आगे यही गाड़ी थी, जिसका एक्सीडेंट हुआ है। रात 1 बजे मेरी भांजी का फोन आया कि हमारा एक्सीडेंट हो गया है। उसने लोकेशन भी भेजी थी।

उस दौरान हम 45 किलोमीटर दूर थे। हम तुरंत वहां पहुंचे। तब तक पुलिस ने सभी को हॉस्पिटल पहुंचा दिया था। गाड़ी में सिर्फ 3 लोग थे।

Exit mobile version