भारी यातायात वाले मार्ग की उपेक्षा, महापौर के वार्ड में सड़क निर्माण पर करोड़ों की प्राथमिकताओं को लेकर कांग्रेस का सवाल
कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण की प्राथमिकताओं, गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं पार्षदों ने वार्ड क्रमांक 4, राताखार में निर्माणाधीन सीसी सड़क स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क से गिट्टी उखड़ने की स्थिति को दिखाते हुए कांग्रेसजनों ने झाड़ू लगाकर निगम प्रशासन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने कहा कि जिस क्षेत्र में भारी वाहनों, विशेषकर ट्रकों का आवागमन अधिक है और सड़क संकरी होने के कारण आम नागरिकों को परेशानी होती है, वहां सड़क चौड़ीकरण के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित कार्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी।

कांग्रेस का आरोप है कि उक्त कार्य को जश्न रिसॉर्ट क्षेत्र से हटाकर वार्ड क्रमांक 4, राताखार में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां स्वयं महापौर निवास करती हैं। इस निर्णय ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण में हो रही इस प्रकार की अनियमितताओं से निगम आयुक्त को पहले ही अवगत कराया जा चुका है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राताखार में बन रही सीसी सड़क में न तो समुचित नाली व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नजर आ रही है। सड़क के जिस हिस्से का निर्माण पूरा किया जा रहा है, वहां गिट्टी एवं बजरी का सीमेंट से पकड़ छोड़ना और सड़क की सतह से सामग्री उखड़ना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। पूर्व की अपेक्षा सड़क की चौड़ाई कम किये जाने से स्थानीय निवासियों के आवागमन में परेशानी हो रही है और सड़क की टिकाऊ क्षमता को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण केवल बजट खर्च करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता को सुरक्षित और टिकाऊ सुविधा देने की जिम्मेदारी है। यदि निर्माण पूरा होते ही सड़क की सामग्री उखड़ने लगे, जल निकासी की व्यवस्था न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़े, तो संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कांग्रेस पार्षदों ने मांग की, कि निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए, गुणवत्ता के मानकों का परीक्षण हो, दोषपूर्ण निर्माण को नियमानुसार सुधारा जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, भारी यातायात वाले संकरे मार्ग के चौड़ीकरण की मूल योजना और उसे स्थानांतरित करने के निर्णय का कारण सार्वजनिक किया जाए।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जनधन से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनता के पैसे से बनने वाली सड़क यदि जनता के लिए परेशानी का कारण बन जाए, तो नगर निगम प्रशासन को इसका जवाब देना होगा।
इस विरोध प्रदर्शन में कोरबा जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर मुकेश कुमार राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, ब्लाक अध्यक्ष ए.डी.जोशी, पालूराम साहू, मंडल अध्यक्ष देवीदयाल सोनी, बुधेश्वर प्रसाद चौहान, मनीष शर्मा, बालको ब्लाक गिरधारी लाल बरेठ, मो.यासीन, पार्षद रविसिंह चंदेल, नारायण लाल कुर्रे, रामगोपाल कुर्रे, सुखसागर निर्मलकर, डॉ. गोपाल, अनुज जयसवाल, आरिफ खान, अश्वनी बंजारे, मीडिया प्रभारी सुखनंदन सोनकर, सुभाष राठौर,मनहरण राठौर, मुकेश लहरी,भूपसिंह चौधरी, सचिव कुर्रे,हिमांशु सिंह, मोहन चन्द्र, लक्ष्मण, हरवेन्द्र सिंह, पूर्व पार्षद मस्तूल्सिंह कँवर, आकाश प्रजापति, नितेश यादव, कुलदीप राठौर, पुष्प पत्रे, सुभद्रा सिंह, बीना, श्रद्धा यादव, अनीता, शुकवारा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
