नई दिल्ली, एजेंसी। चक्रवात अर्नब बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 27 अक्टूबर तक तूफान का रूप ले सकता है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान 140 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आंध्र प्रदेश में करीब 6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी है। तटीय जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी में अलर्ट है।
ओडिशा में 60 रेस्क्यू टीमें तैनात होंगी। छह जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। इस तूफान के असर से MP-UP समेत 10 राज्यों में बारिश की भी संभावना है।
वहीं, तमिलनाडु में पिछले 3 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। अरनी के भास्कर नगर में पानी भर गया है। लोग अपने घरों में फंस गए हैं। कोडाइकनाल में पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।

नई दिल्ली में खराब हवा के चलते सुबह धुंध होने लगी है। इस बीच कर्तव्य पथ के पास लोग जॉगिंग करते दिखे।
गुरुग्राम में भी धुंध नजर आई। यहां भी हवा की गुणवत्ता खराब होती जा रही है।
राजस्थान के अजमेर में सुबह-सुबह धुंध की परत छाई रही।
डोडा के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद, बर्फ से ढंकी पर्वत श्रृंखला, रविवार को यहां बर्फबारी हुई।
तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी के बीच टूरिस्ट को हिल स्टेशन कोडइकनाल जाने से रोक दिया गया है।
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
27 अक्टूबर
- आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट है।
- छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरलम, कर्नाटक और रायलसीमा में बारिश का यलो अलर्ट है।
28 अक्टूबर
- आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
- बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक में बारिश का यलो अलर्ट है।
राज्यों से मौसम की खबर
मध्य प्रदेश: 17 जिलों में बारिश का अलर्ट, रात में बढ़ी ठंडक
मध्य प्रदेश में मंगलवार से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि छतरपुर, कटनी, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा और सिवनी में भारी बारिश हो सकती है। बारिश की चेतावनी से पहले प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आई है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
राजस्थान: तीन दिन मौसम साफ रहेगा, 29 अक्टूबर से आंधी-बारिश का अलर्ट
राजस्थान में 29 अक्टूबर से नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में आंधी-बारिश की चेतावनी है। इससे पहले प्रदेश में तीन दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में रातें ठंडी होने लगी हैं। रविवार रात सीकर के फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तराखंड: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, 29 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम
उत्तराखंड में केदारनाथ, तुंगनाथ समेत रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 से 28 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिलने की संभावना है। इसके बाद 29 से 31 अक्टूबर के बीच उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
पंजाब-चंडीगढ़: आज मौसम साफ, 28 अक्टूबर को बारिश के आसार
पंजाब और चंडीगढ़ में 26 अक्टूबर को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप से मौसम सामान्य बना हुआ है। पंजाब में औसत अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री गिरा है। बठिंडा में सबसे अधिक 32.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 28 अक्टूबर को बारिश की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश: 29 अक्टूबर तक धूप, 30-31 को बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। 29 अक्टूबर तक ज्यादातर इलाकों में धूप खिलेगी, जिससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 30 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इसके असर से 30 और 31 अक्टूबर को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जबकि चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने की संभावना है।
बिहार: बदल सकता मौसम, 1 नवंबर तक बारिश के आसार
बिहार में सोमवार को सभी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन रात से कई इलाकों में मौसम बदल सकता है। पटना, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा और जहानाबाद समेत दक्षिण बिहार के जिलों में तेज हवा चलने और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हरियाणा: हल्की ठंड की शुरुआत, 29 अक्टूबर को बारिश-आंधी का अलर्ट
हरियाणा में ठंड ने दस्तक दे दी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 28 और 29 अक्टूबर को मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर के लिए 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
छत्तीसगढ़: 28-29 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट, बस्तर में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
छत्तीसगढ़ में सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन बाद बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर दिख सकता है। 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। बस्तर संभाग में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार से बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
1999 के सुपर साइक्लोन से ओडिशा ने सीखे सबक
ओडिशा में जोरदार चक्रवात आने के बावजूद समय के साथ जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिली है। इसकी बड़ी वजह 1999 के सुपर साइक्लोन के बाद आपदा प्रबंधन की रणनीति में किए गए बदलाव हैं। राज्य ने चक्रवात की पहले से चेतावनी देने, तटीय इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने और आश्रय स्थल तैयार करने पर जोर दिया। 2013 में चक्रवात फेलिन के दौरान करीब 10 लाख लोगों को सुरक्षित निकाला गया था।
साइक्लोन अर्नब गूगल पर ट्रेंड कर रहा है…
