DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

24 अक्टूबर को ओडिशा के तटों से टकराएगा साइक्लोन दाना:120kmph की रफ्तार से हवा चलेगी; एक दिन पहले ही शुरू हो जाएगी भारी बारिश

नई दिल्ली, एजेंसी। अंडमान सागर से उठा चक्रवाती तूफान दाना 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी पहुंच जाएगा। 24 अक्टूबर को यह ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तट से टकराएगा। मौसम विभाग ने साइक्लोन के लैंडफॉल की जानकारी नहीं दी है। अनुमान है कि यह पुरी से टकरा सकता है। तूफान का दाना नाम सऊदी अरब ने दिया है। दाना का मतलब उदारता होता है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 23 अक्टूबर से ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों पर हवा की रफ्तार 60 Kmph तक पहुंचने का अनुमान है, जो 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह तक बढ़कर 120 Kmph हो जाएगी।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा, तूफान के टकराने से एक दिन पहले यानी 23 अक्टूबर को ही भारी बारिश शुरू हो जाएगी। ओडिशा-बंगाल के तटीय इलाके में कुछ स्थानों पर 24-25 अक्टूबर को 20 सेमी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 30 सेमी यानी 11 इंच (एक फुट) से ज्यादा बारिश भी हो सकती है।

आज से लो प्रेशर बनना शुरू, 3 दिन में साइक्लोन

मौसम विभाग ने ओडिशा-बंगाल में मछुआरों को 23 से 26 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। IMD ने कहा कि सोमवार (21 अक्टूबर) दोपहर तक अंडमान सागर में लो प्रेशर बनने लगेगा। 22 अक्टूबर तक पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर यह डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा। 24 अक्टूबर तक यह साइक्लोन में बदल जाएगा।

Exit mobile version