DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात मुरासु बना:3 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा, एक हफ्ते में दूसरा साइक्लोन, ओडिशा के दो जिलों में बाढ़

नई दिल्ली, एजेंसी। बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र मुरासु नाम के चक्रवात में बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटे और झोंकों के साथ 120 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

एक हफ्ते के भीतर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवाती तूफान है। इससे पहले 26 अक्टूबर को चक्रवात ‘अर्नब’ उठा था। यह 28 अक्टूबर को आंध्र के तट से टकराया था। इसके कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा सहित देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हुई थी।

ओडिशा के गंजाम और गजपति जिले में पिछले एक हफ्ते से बाढ़ जैसे हालात हैं। राज्य अभी चक्रवात ‘अर्नब’ से हुए नुकसान से उबर ही रहा है। नए तूफान के कारण फिर से भारी बारिश हो सकती है। खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने निचले और पहाड़ी इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है।

दूसरे तूफान की मौजूदा स्थिति सैटेलाइट मैप में देखें…

अगले 2 दिन के मौसम का अपडेट…

2 नवंबर

  • आंध्र प्रदेश में आंधी-बारिश तूफान का रेड अलर्ट है। रायलसीमा में ऑरेंज अलर्ट है।
  • तमिलनाडु, केरलम, कर्नाटक, पुडुचेरी, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और अरुणाचल प्रदेश में यलो अलर्ट है।

3 नवंबर

  • आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट है। तेज हवाएं चलेंगी, रफ्तार 100kmph पहुंच सकती है।
  • तमिलनाडु, केरलम, कर्नाटक, पुडुचेरी, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ में बारिश का यलो अलर्ट है।

देश के मौसम की तस्वीरें…

तिरुवरुर के ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छा गया, जिससे दूर के पेड़ और पानी से भरे खेत मुश्किल से ही दिखाई दे रहे थे।

तिरुवरुर के ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छा गया, जिससे दूर के पेड़ और पानी से भरे खेत मुश्किल से ही दिखाई दे रहे थे।

मुंबई में मरीन ड्राइव पर समुद्र किनारे लोग बैठे हैं, जबकि पीछे की ऊंची इमारतें धुंध की घनी परत के कारण ओझल हो गई हैं।

संभल में घने कोहरे के बीच एक ट्रक अपनी हेडलाइट जलाकर सड़क पर आगे बढ़ रहा है, यहां दृश्यता कम हो गई है।

दिल्ली में इंडिया गेट के पास कर्तव्य पथ पर लोग सुबह की धुंध और हल्के स्मॉग के बीच जॉगिंग और सैर करते दिखे।

गजपति में बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद, एक सड़क पूरी तरह से बड़े-बड़े पत्थरों और मिट्टी के ढेरों से ढक गई है।

राज्यों से मौसम की खबरें…

बिहार: 11 जिलों में आंधी- बारिश का अलर्ट, 4 नवंबर तक बदला रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने आज यानी रविवार को दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, नालंदा और नवादा समेत 11 जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान: रात का पारा 13 डिग्री तक गिरा, दिन में बाड़मेर सबसे ज्यादा गर्म

राजस्थान में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात का असर शनिवार से खत्म हो गया। अब अगले 3-4 दिन तक आसमान साफ रहने की संभावना है।

इससे पहले शनिवार को मौसम साफ रहा। हालांकि, सुबह के समय कई जिलों में हल्का कोहरा रहा। जयपुर, कोटा समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई।

हिमाचल: 2 दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, पहाड़ों में आज से बदलेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में दो दिन तक बारिश बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार आज और कल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

उत्तराखंड: 9 जिलों में बारिश के आसार, केदारनाथ में पारा -8°C पहुंचा

उत्तराखंड के 9 जिलों में आज बारिश के आसार हैं। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

यूपी: लखनऊ समेत 10 शहरों में कोहरा छाया, ठंड बढ़ी, सड़कों पर सन्नाटा, काशी-कानपुर में बादल छाए

यूपी में ‘अर्नब’ तूफान के असर से 3 दिन लगातार हुई बारिश से ठंड बढ़ गई है। दिन का तापमान 8°C तक लुढ़क गया है। रविवार सुबह लखनऊ, सहारनपुर, शामली, बागपत और मुजफ्फरनगर समेत 10 शहरों में कोहरा छाया रहा। सड़कों पर सन्नाटा दिखा और 50 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया।

Exit mobile version