हैदराबाद/भुवनेश्वर/अमरावती/चेन्नई, एजेंसी। आंध्रप्रदेश के तट से टकराया चक्रवाती तूफान मुरासु तेलंगाना की ओर चला गया है। राहत की बात ये है कि इसकी तीव्रता 100 किमी प्रति घंटा से कम होकर 60 किमी प्रतिघंटा हो गई है।
इसका एक हिस्सा अब भी आंध्र के तट से गुजर रहा है, जिससे विजयवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम तक तेज हवाएं चलने और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मुरासु सोमवार रात करीब 1 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था। इस दौरान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज हवाओं से हजारों पेड़ उखड़ गए और बिजली के सैकड़ों खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। कई नावों को भी नुकसान पहुंचा।
भारी बारिश से आंध्रप्रदेश के तटीय शहरों में सड़कें डूब गईं और हाईवे पर वाहन फंस गए। मंगलवार को विजयवाड़ा, विशाखापट्टनम, तिरुपति और चेन्नई एयरपोर्ट से 30 डॉमेस्टिक फ्लाइट्स रद्द रहीं।
तमिलनाडु में भारी बारिश; कुड्डालोर में स्कूल बंद
तमिलनाडु के कुड्डालोर में मंगलवार को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। साइक्लोन मुरासु की वजह से भारी बारिश हुई है। कुड्डालोर डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर ने ये ऑर्डर तब जारी किए जब जिले के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
IMD बोला- दोपहर बाद तूफान कमजोर हो सकता है
IMD की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, गहरा दबाव उत्तर-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और दोपहर तक धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान मुरासु कमजोर पड़ने की संभावना है। इसकी वजह से 48 घंटों में ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
आंध्र प्रदेश के 3 जिलों में रेड अलर्ट; मछुआरों को 2 दिन समुद्र में न जाने की सलाह
विशाखापत्तनम मौसम विभाग के निदेशक पीएलएन मूर्ति के मुताबिक, चक्रवाती तूफान मुरासु मंगलवार सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच ओंगोल के पास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। फिलहाल यह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मौजूद है। अगले 12 घंटे में इसके उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ने और मंगलवार दोपहर तक कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने राज्य के 3 जिलों में रेड अलर्ट और बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को अगले दो दिन तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
बंदरगाहों पर खतरे के संकेत जारी
- निजामपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-10 (GD-10)
- मछलीपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-9 (GD-9)
- कृष्णपट्टनम पोर्ट: ग्रेट डेंजर सिग्नल-8 (GD-8)
- अन्य बंदरगाह: लोकल कॉशनरी सिग्नल-3 (LC-3)
मौसम विभाग के मुताबिक, बंदरगाहों पर सोमवार को जारी किए गए खतरे के संकेत फिलहाल जारी रहेंगे।
बापटला में 222.4 mm, नरसापुर में 198.6 mm बारिश हुई
मौसम विभाग ने दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में अगले 12 घंटे तक भारी बारिश जारी रहने का अलर्ट दिया है। सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक बापटला में सबसे ज्यादा 222.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नरसापुर में 198.6 मिमी, ओंगोल में 120.2 मिमी और मछलीपट्टनम में 83.9 मिमी बारिश हुई।
4 ट्रेनें डायवर्ट, विजयवाड़ा-ओंगोल-गुडूर रूट पर आवाजाही बंद
तूफान मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा-ओंगोल-गुडूर रेल सेक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए साउथ कोस्ट रेलवे (SCR) ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई ट्रेनों के रूट बदल दिए हैं। कुछ ट्रेनों को रास्ते में रोककर चलाया जा रहा है।
इन 4 ट्रेनों के रूट बदले गए
- 12625 केरल एक्सप्रेस: तिरुवनंतपुरम से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन को रेनिगुंटा-येर्रागुंटला-नंद्याल-गुंटूर-विजयवाड़ा के रास्ते चलाया जा रहा है।
- 18638 हटिया एक्सप्रेस: बेंगलुरु से हटिया जाने वाली ट्रेन मंगलवार से इसी बदले हुए रूट से चलेगी।
- 22863 सुपरफास्ट एक्सप्रेस: हावड़ा से बेंगलुरु जाने वाली ट्रेन को गुंटूर-नंद्याल-येर्रागुंटला-रेनिगुंटा के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
- 04131 स्पेशल ट्रेन: कानपुर सेंट्रल से बेंगलुरु जाने वाली इस ट्रेन को भी गुंटूर-नंद्याल-येर्रागुंटला-रेनिगुंटा के रास्ते चलाया जाएगा। यह चिराला, ओंगोल और नेल्लोर स्टेशन पर नहीं रुकेगी।
शाह ने नायडू से की बात, मुरासु तूफान से निपटने के लिए मदद का भरोसा दिया
गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवाती तूफान मुरासु के असर को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया।
अमित शाह ने कहा कि NDRF और SDRF की टीमें पहले से ही प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और लोगों की मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पूरी मजबूती से आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ खड़ी है।
