DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

एमपी में सरकारी कर्मचारियों का डीए 4% बढ़ा:सैलरी में 620 से 5640 रुपए की बढ़ोतरी; जनवरी 2024 से एरियर मिलेगा

भोपाल,एजेंसी। मध्यप्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारी-अधिकारियों का 4% डीए बढ़ा दिया है। इसका फायदा साढ़े सात लाख कर्मचारियों को मिलेगा। ये फैसला जनवरी 2024 से लागू होगा। अब प्रदेश के कर्मचारियों का डीए 46% से बढ़कर 50% हो गया है। इससे उनको हर महीने 620 रुपए से 5640 रुपए का फायदा होगा। वहीं, 10 महीने के एरियर के रूप में 6200 से लेकर 56,400 रुपए तक मिलेंगे। ये चार समान किस्तों में दिया जाएगा। सरकार ने कर्मचारियों के डीए के आदेश भी जारी कर दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ये घोषणा करते हुए कहा, ‘राज्य सरकार ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का निर्णय लिया है। दीपावली के मौके पर इसकी बधाई डबल हो जाती है। 1 नवंबर मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस भी है। आप सब अपनी लगन, मेहनत, सकारात्मक सोच के कारण पूरे देश के अधिकारियों-कर्मचारियों में विशेष पहचान रखते हैं। इस नाते सरकार का भी उत्तरदायित्व है कि आपके हितों का ध्यान रखें।’

अक्टूबर के वेतन से मिलेगा नकद लाभ

डीए में 4% की वृद्धि का नकद लाभ कर्मचारियों को अक्टूबर के वेतन से दिया जा रहा है। अक्टूबर 2024 (एक महीने) का एरियर कर्मचारियों की सैलरी में जुड़कर मिलेगा। जिन कर्मचारियों की सैलरी हो चुकी है, उन्हें एरियर की राशि अलग से दी जाएगी। इस फैसले से मध्यप्रदेश के सरकारी खजाने पर सालाना 1450 करोड़ रुपए का भार आने की संभावना है।

चार समान किस्तों में मिलेगा एरियर

आदेश के मुताबिक कर्मचारियों को जनवरी से सितंबर (9 महीने) का एरियर चार समान किस्तों में मिलेगा। यह एरियर दिसंबर 2024 और जनवरी, फरवरी और मार्च 2025 में दिया जाएगा। जो कर्मचारी रिटायर हो चुके हैं या जिनकी मृत्यु हो चुकी हैं, उनके परिजनों को एरियर की राशि एकमुश्त दी जाएगी।

Exit mobile version