DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अकवान चक्रवात की बारिश से धान की फसल को नुकसान:भीगे और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित धान को भी खरीदने की मांग

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में अकवान चक्रवात के असर से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार रात से जारी बारिश के कारण खेतों में खड़ी और कटकर रखी धान की फसल को नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि बारिश के चलते खेतों में पकी फसल गिर रही है।

वहीं, कटकर रखे धान के भीगने से उसके खराब होने का खतरा है। किसानों ने शासन से धान खरीदी में रियायत देने और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित धान को भी समर्थन मूल्य पर खरीदने की मांग की है।

चक्रवात से गिरी फसल, बारिश से बढ़ा नुकसान का खतरा

कृषक चेतना मंच के संरक्षक संदीप तिवारी ने बताया कि पहले दो बार आए चक्रवात के कारण धान की फसल अधपकी अवस्था में ही खेतों में गिर गई थी। अब अक्वान चक्रवात के असर से हो रही बारिश के कारण पक चुकी फसल भी टूटकर गिर रही है। लगातार नमी और गर्मी मिलने से खेतों में गिरे धान के अंकुरित होने की आशंका है। इससे किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि प्राकृतिक आपदा के कारण भीगने वाले धान को भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।

साग-सब्जी और गेहूं की फसल पर भी असर की आशंका

जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप ने भी चक्रवात के कारण हो रही बारिश को किसानों के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने कहा कि बारिश का असर केवल धान की फसल तक सीमित नहीं है, बल्कि साग-सब्जी और गेहूं की फसल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

विधायक ने कहा कि प्राकृतिक कारणों से किसानों का धान खराब होने पर खरीदी प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों के हित में जरूरी कदम उठाने और प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की।

तीन दिन तक असर रहने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अक्वान चक्रवात का असर तीन दिनों तक रहने की संभावना जताई गई है। बारिश जारी रहने पर खेतों में कटकर रखे धान के खराब होने और खड़ी फसल की कटाई में परेशानी आने की आशंका है। लगातार बारिश के बीच किसानों के सामने फसल बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। अब वे प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के मद्देनजर सरकार से राहत और धान खरीदी में उचित व्यवस्था की उम्मीद कर रहे हैं।

Exit mobile version