DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

संदिग्ध अवस्था में खेत में मिली युवती की लाश:सुबह 4.30 बजे घर से कॉल पर बात करते हुए निकली थी, जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा। जांजगीर चांपा जिले के पीपरा और बरगांव के मारघाटी के पास एक खेत में कीचड़ से सना अर्धनग्न युवती का शव मिला है। युवती की पहचान 21 वर्षीय पूजा महंत के रूप में हुई है। घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पीपरा-बरगांव के बीच मरघट के पास खेत की जुताई करने पहुंचे लोगों ने शव देखा। सूचना मिलने पर मृतका के पिता विशंभर दास मौके पर पहुंचे। चप्पल और हुलिए से शव की पहचान अपनी बेटी पूजा महंत के रूप में की।

थाना प्रभारी कमलेश संडे ने बताया कि पूजा सोमवार रात करीब 8 बजे अपनी सहेलियों के साथ ग्राम किरीत में वार्षिक उत्सव देखने गई थी। वह रात करीब 12 बजे घर लौटी थी। सुबह जब पिता उठे तो पूजा घर पर नहीं थी।

कॉल पर बात करते हुए निकली थी

पुलिस को आसपास के सीसीटीवी कैमरों की तलाशी के दौरान पूजा तड़के सुबह करीब 4:30 बजे फोन पर बात करते हुए घर से निकलते दिखी है। मौके पर एफएसएल और साइबर सेल की टीम भी पहुंची थी।पुलिस ने मार्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल का निकाला जा रहा सीडीआर

एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर इसे हत्या माना जा रहा है। युवती का मोबाइल मौके से गायब है, जिसका सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) निकाला जा रहा है। पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है।

Exit mobile version