DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

युवक का शव पेड़ से लटका मिला:कोरबा में परिजनों ने प्रेमिका पक्ष पर लगाए हत्या के आरोप, पुलिस ने की आत्महत्या की पुष्टि

कोरबा। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र के कनबेरी गांव में 25 वर्षीय शंकर सिंह का शव घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ पर गमछे से लटका मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताते हुए प्रेमिका और उसके परिजनों पर शादी से इनकार कर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार शंकर 17 जून की सुबह काम के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मोबाइल पर कॉल करने पर घंटी बजती रही, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। 18 जून को गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर 19 जून की रात उसका शव बरामद किया।

मां ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां नोराबाई रोहिदास ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर बताया कि शंकर का पिछले चार साल से रिश्ते की युवती से प्रेम संबंध था। शादी का प्रस्ताव लेकर वे युवती के घर भी गई थीं, लेकिन युवती और उसके परिजनों ने रिश्ता ठुकरा दिया। इसके बाद शंकर मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना से एक दिन पहले युवती के परिजन घर आए थे और शंकर को जान से मारने की धमकी दी थी। उनका कहना है कि शव पर चोट और खरोंच के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका है।

पुलिस बोली- पोस्टमार्टम में आत्महत्या की पुष्टि

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण आत्महत्या बताया गया है। मामले की जांच फोरेंसिक टीम की मदद से की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version