जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा के किरीत गांव में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर हुए विवाद में सरपंच पति पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सरपंच पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित राजन पात्रे ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को वह पंचायत सचिव के साथ किरनेश चॉइस सेंटर में तालाब ठेके की निविदा सूचना जारी कराने गए थे। इसी दौरान गांव का संतोष साहू वहां पहुंच गया।
अतिक्रमण हटाने के नोटिस पर हुआ विवाद
पंचायत ने संतोष साहू को गोठान के पास सरकारी जमीन पर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने के लिए पहले तीन बार नोटिस जारी किए थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि संतोष साहू ने गाली-गलौज करते हुए राजन पात्रे को जान से मारने की धमकी दी।
फावड़े से सिर पर किया हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे फावड़े से राजन पात्रे के सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत राछाभाठा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, फावड़ा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर पुलिस ने किरीत निवासी आरोपी संतोष साहू (52) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हमला करना स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
