झांसी/प्रयागराज,एजेंसी। माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गुरुवार सुबह 5 बजे प्रयागराज से झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली से मिलने जा रहा था। क्रेटा कार में अबान के साथ उसके 4 दोस्त थे।
झांसी से 70 किमी पहले सुबह 10.30 बजे पूंछ थाना इलाके में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। एअरबैग खुले, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि कार 7 फीट हवा में उछल गई। 40 फीट तक कार के टुकड़े हाईवे पर बिखर गए। कार का बायां हिस्सा चकनाचूर हो गया। अबान समेत सभी 5 लोग अंदर फंस गए। चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और राहगीरों ने जैसे-तैसे दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। आगे की सीट पर बैठे अबान और उसके पीछे बैठे दोस्त सोनू की मौके पर मौत हो गई। जबकि बाकी 3 घायल उमर अहमद, मोहम्मद जैद और फारुक अहजम को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, मरने से पहले अबान के आखिरी शब्द थे- मुझे बचा लो…।
हादसे की दो वजह सामने आ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शी दीपक ने बताया- हाईवे पर एक बछड़ा अचानक आ गया। उसे बचाने के लिए ड्राइवर ने कार को लेफ्ट साइड मोड़ दिया। उसी दौरान बाइक सवार आ गया तो ड्राइवर ने कार दोबारा लेफ्ट की तरफ मोड़ दी। कार डिवाइडर से टकरा गई। वहीं, घायल उमर अहमद ने बताया- हाईवे पर ईंट पड़ी थी। इसके चलते कार बेकाबू हुई।
अतीक अहमद के 5 बेटे थे। अबान सबसे छोटा था। एक बेटा असद 2023 में झांसी में ही पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। अब तीन बेटे हैं, इसमें बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल, दूसरा अली झांसी जेल में बंद है। जबकि अबान से बड़ा अहजम अभी ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा है। वह झांसी पहुंचा है। लाश देखकर बोला- मिट्टी में भाइयों को आने दिया जाए।
प्रयागराज में फरवरी 2023 को वकील उमेश पाल की हत्या की गई थी। इस मामले में गुजरात जेल में बंद अतीक और बरेली जेल से उसके भाई अशरफ को प्रयागराज पेशी पर लाया गया था। वहां 15 अप्रैल 2023 को अतीक और अशरफ की पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई थी। अतीक की पत्नी शाइस्ता अभी फरार है।

प्रत्यक्षदर्शी बोला- दरवाजा तोड़कर अबान को निकाला, मुंह में खून भरा था
प्रत्यक्षदर्शी दीपक यादव ने कहा-
क्रेटा कार की स्पीड 120 किमी से ज्यादा रही होगी। मैं शोर मचाते हुए सबसे पहले पहुंचा। कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन नहीं खुला। मैंने पुलिस को फोन किया। फिर दौड़कर एक घर से सब्बल (लोहे की रॉड) ले लाया। दरवाजा तोड़कर एक युवक को बाहर निकाला। उसके मुंह में खून भरा था। उसने कहा- मेरा नाम अबान है। मुझे बचा लो। इसके बाद वह बेहोश हो गया। फोन करने के 10 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सिर पर गंभीर चोट, हाथ-पैर टूटकर मुड़ गए
झांसी पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को अबान की कार में सिगरेट के पैकेट, जूते और दो किताबें ‘द इडियट’ और ‘द स्टेशनरी शॉप ऑफ तेहरान’ मिलीं। दोनों लव स्टोरी पर नॉवेल हैं। संभावना है कि इन चीजों को अबान अपने भाई अली के लिए ले जा रहा था।
अबान कार में आगे की सीट पर बैठा था। उसका साथी जैद गाड़ी चला रहा था। हल्की बारिश से हाईवे भी गीला था। यही वजह थी कि कार अनियंत्रित हुई तो ड्राइवर जैद संभाल नहीं पाया। कार पूरी स्पीड से डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर से अबान के सिर में गंभीर चोटें आईं। हाथ-पैर टूट गए। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव रिश्तेदारों को सौंपा जाएगा
अबान के शव को झांसी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को रिश्तेदारों को सौंपा जाएगा। कल यानी शुक्रवार को प्रयागराज में ही अतीक की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
अबान की मां शाइस्ता 50 हजार की इनामी, फरार चल रही
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन 2023 से फरार है। उस पर 50 हजार का इनाम है। 6 केस हैं। शाइस्ता बेटे असद के एनकाउंटर और पति अतीक की हत्या के बाद दोनों के जनाजे में नहीं पहुंची थी। अशरफ की पत्नी जैनब भी फरार चल रही है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या शाइस्ता अबान के जनाजे में शामिल होगी।
