DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

RKM पावर प्लांट में कर्मचारी की मौत:रिश्तेदारों ने मुआवजा और अनुकंपा नियुक्ति की मांग पर शव रखकर धरना दिया

सक्ती। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र स्थित आरकेएम पावर प्लांट, उच्चपिड़ा में ड्यूटी के दौरान एक कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों, ग्रामीणों ने उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर प्लांट के मुख्य गेट पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनीपाली निवासी सर्विल बघेल (लगभग 37 वर्ष) आरकेएम पावर प्लांट में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को उनकी बी शिफ्ट में ड्यूटी थी। रात करीब 8 बजे उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। सहकर्मियों की ओर से उन्हें तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ के जिंदल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया है।

रिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में प्लांट पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही सर्विल के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में प्लांट पहुंचे। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों ने शव को गेट क्रमांक-1 के सामने रखकर गेट बंद कर धरना शुरू कर दिया, जिससे प्लांट के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

Exit mobile version