कोरबा/पाली। नगर पंचायत पाली के नया बस स्टैंड स्थित जर्जर हो चुके पुराने यात्री प्रतीक्षालय को तोड़कर नए प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए पुराने भवन को तोड़ा तो गया, लेकिन उसका मलबा पूरी तरह हटाना जिम्मेदार भूल गए। मलबे का कुछ हिस्सा अब भी बस स्टैंड परिसर में जस का तस पड़ा है, जो चारों दिशाओं से आने-जाने वाली दर्जनों बसों के चालकों, यात्रियों और स्थानीय दुकानदारों के लिए भारी मुसीबत का सबब बन गया है। पुराने प्रतीक्षालय के अवशेष पड़े होने के कारण बस स्टैंड में वाहनों के आवागमन और मुड़ने के लिए जगह काफी सीमित हो गई है। नया बस स्टैंड क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक बसें रात्रि विश्राम करती हैं। मलबे के कारण रात में बसों को पार्क करने में चालकों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं, उड़ती धूल और मलबे के ढेर के कारण आसपास के व्यापारियों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। खरीदारी और बसों का इंतजार करने पहुंचे यात्रियों को भी भारी असुविधा हो रही है। जर्जर भवन तोड़कर नया प्रतीक्षालय बनाने की पहल की सराहना तो हो रही है, लेकिन मलबे को बीच में ही छोड़े जाने से फैली अव्यवस्था को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय व्यापारियों व बस ऑपरेटरों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि परिसर से अविलंब मलबा हटाया जाए, ताकि नए निर्माण के साथ-साथ बस स्टैंड की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
पाली बस स्टैंड में मलबा का ढेर: व्यापारी, बस चालक, यात्री और खरीददार सब परेशान
