रायपुर,एजेंसी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक हालत काफी खराब हो चुकी है और वित्तीय प्रबंधन की कमजोरियों के कारण प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है।
दीपक बैज ने कहा कि सरकार की स्थिति इतनी चिंताजनक हो गई है कि वह छोटे-छोटे भुगतान भी समय पर नहीं कर पा रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के एक ठेकेदार ने काम पूरा करने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से परेशान होकर 30 मार्च को विभाग के दफ्तर के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

उन्होंने आगे दावा किया कि समस्या केवल एक विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि लगभग सभी विभागों में यही हालात हैं। फंड की कमी के चलते कई निर्माण और विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे आम जनता भी प्रभावित हो रही है। भुगतान में देरी के कारण ठेकेदारों में असंतोष बढ़ता जा रहा है और कई परियोजनाएं ठप पड़ने की कगार पर हैं।
सरगुजा में PHE ठेकेदार ने दी थी आत्मदाह की धमकी
दरअसल सरगुजा में जल जीवन मिशन के तहत काम करने वाले ठेकेदार रजनी कांत अग्रवाल ने शुक्रवार को कलेक्टर सरगुजा के नाम ज्ञापन सौंपा था, जिसमें बताया कि उसने पीएचई के अंबिकापुर सब डिविजन में जल जीवन मिशन का काम किया। निर्माण कार्य एक साल पहले ही पूरा कर लिया गया है। इसके बाद भी विभाग की तरफ से भुगतान नहीं किया जा रहा है।
अधिकारी मांग रहे कमीशन
ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि, उसने 65 लाख का काम किया है। इसके एवज में अब तक सिर्फ 22 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। पीएचई के सब इंजीनियर धर्मेंद्र सिंह कमीशन मांग रहे। कमीशन नहीं देने पर बिल नहीं बनाने की बात कह रहे। ठेकेदार ने 30 मार्च को दोपहर 1 बजे पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
