DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

दिल्ली चुनाव अपडेट्स:केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से नामांकन भरा; AAP ने नरेला और हरिनगर से प्रत्याशी बदले

नई दिल्ली ,एजेंसी। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को नई दिल्ली सीट से नॉमिनेशन फाइल किया। नॉमिनेशन से पहले उन्होंने वाल्मीकि मंदिर में पूजा की। इसके बाद वे हनुमान मंदिर पहुंचे। पूजा के बाद उन्होंने कहा- भगवान मेरे साथ है। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं के साथ रैली करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।

नामांकन दाखिल करने के बाद केजरीवाल ने कहा, ‘मैं दिल्ली के लोगों को कहना चाहूंगा कि काम के लिए वोट दीजिएगा। एक तरफ काम करने वाली पार्टी है और दूसरी ओर गाली-गलौज वाली पार्टी है। हम इस बात पर चुनाव लड़ रहे हैं कि पिछले 10 सालों में क्या काम हुआ है।’

आम आदमी पार्टी ने आज 2 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए हैं। पार्टी ने नरेला से दिनेश भारद्वाज की जगह शरद चौहान और हरिनगर से राज कुमारी ढिल्लों की जगह सुरेंद्र सेतिया को प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा ने पूर्व CM केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा को उतारा है, वहीं कांग्रेस ने संदीप दीक्षित को उम्मीदवार बनाया। पूर्व CM केजरीवाल का सामना दो दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों से होगा। प्रवेश वर्मा पूर्व CM साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं, वहीं संदीप दीक्षित पूर्व CM शीला दीक्षित के बेटे हैं।

नामांकन से पहले पैदल मार्च और हनुमान मंदिर में दर्शन

अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। AAP ऑफिस से कलेक्टरेट तक मार्च में उनके साथ उनकी पत्नी भी मौजूद हैं।

केजरीवाल ने हनुमान मंदिर में पूजा करने के बाद झंडा चढ़ाया।

दिल्ली में चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।

Exit mobile version