DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायपुर-रांची और वाराणसी तक हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग:कांग्रेस ने मां महामाया एयरपोर्ट निदेशक को सौंपा ज्ञापन, कई माह से हवाई सेवाएं ठप

सरगुजा,एजेंसी। सरगुजा में हवाई सेवाएं कई महीनों से बंद पड़ी हुई है। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट पहुंचे और एयरपोर्ट के निदेशक से मुलाकात की। उन्होंने रायपुर, रांची और वाराणसी के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इससे पहले एक महीने पहले भी कांग्रेस ने एयरपोर्ट पर प्रदर्शन किया था।

सरगुजा के मां महामाया एयरपोर्ट का संचालन शुरू करने के बाद हवाई सेवाएं शुरू की गई थी, जो कई माह से बंद पड़ी है। हवाई सेवाओं का संचालन करने वाली फ्लाई बिग ने भी अपना शेड्यूल नहीं दिया है। इसके कारण हवाई सेवाएं फिर से शुरू करने को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस ने सोमवार को मां महामाया एयरपोर्ट पहुंचकर हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग रखी।

हवाई सेवाएं जल्द शुरू करने की रखी मांग

कांग्रेस महामंत्री आलोक सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें रायपुर, रांची और वाराणसी के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने की मांग की।

कांग्रेस प्रतिनिधियों ने कहा कि अंबिकापुर से हर दिन हजारों लोग इन शहरों की यात्रा करते हैं। इन शहरों के लिए कोई सीधी रेल सेवा भी उपलब्ध नहीं है। साथ ही वाराणसी और रांची के लिए भविष्य में रेलमार्ग बनने की भी ज्यादा संभावना नहीं है, जबकि हवाई यात्रा के लिए जरूरी ढांचा पहले से मौजूद है।

इस दौरान कांग्रेस के रजनीश सिंह, उत्तम राजवाड़े, नीतीश चौरसिया, विकल झा, हिमांशु जायसवाल, आशीष जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, अंकित जायसवाल, ऋषभ जायसवाल, जयपाल, रवि, उमाशंकर, नरेंद्र गुप्ता, नीलेश कश्यप, कुशल अग्रवाल सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस माह से हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद

एलाएंस एयर ने मार्च के अंतिम सप्ताह से दिल्ली तक हवाई सेवाएं शुरू करने के लिए फ्लाइट शेड्यूल जारी किया है। एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि यह सेवा जल्द शुरू होने की संभावना है। फिलहाल दिल्ली तक सप्ताह में दो दिन हवाई सेवाएं शुरू होंगी।

Exit mobile version