DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

उधारी के 10 हजार मांगे, युवक पर टंगिया से हमला:जांजगीर में आरोपी ने दाहिना कान काटा, पुलिस ने टंगिया जब्त कर जेल भेजा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में उधार दिए गए 10 हजार रुपए वापस मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। रकम लौटाने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने टंगिया से हमला कर युवक का दाहिना कान काट दिया।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अकलतरा पुलिस के अनुसार ग्राम खोंड निवासी रघुनंदन प्रसाद पाण्डेय ने 8 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई।

उधारी की रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद

उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने परिचित शनि केंवट को मकान निर्माण के लिए 10 हजार रुपए उधार दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर उन्होंने पैसे लौटाने की मांग की।

घर पहुंचकर दी धमकी, फिर किया हमला

रिपोर्ट के मुताबिक 8 जून की रात करीब 8 बजे रघुनंदन ने गांव में शनि केंवट को देखकर अपने पैसे मांगे। इस बात पर आरोपी नाराज हो गया और पैसे देने से इनकार कर दिया।

कुछ देर बाद आरोपी पीड़ित के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने अपने पास रखी लोहे की टंगिया से हमला कर दिया।

हमले में कान गंभीर रूप से घायल

टांगी के वार से रघुनंदन का दाहिना कान गंभीर रूप से घायल होकर कट गया। घटना के बाद परिजनों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई।

पुलिस ने आरोपी शनि केंवट (45) निवासी ग्राम खोंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया भी बरामद कर जब्त कर ली गई।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version