DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

टॉप नक्सली लीडर हिड़मा के घर सुकमा पहुंचे डिप्टी सीएम:मां से मिले गृह मंत्री विजय शर्मा, कहा- बेटा लौट आए, सरकार देगी सुरक्षा

सुकमा,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा दक्षिण बस्तर के कुख्यात नक्सली कमांडर हिड़मा के गांव पुवर्ती पहुंचे और उसकी मां से मुलाकात की। यह मुलाकात बस्तर में शांति और नक्सल हिंसा खत्म करने की दिशा में एक अहम कोशिश मानी जा रही है।

गृह मंत्री विजय शर्मा रविवार को खुद बाइक से गांव पहुंचे। उन्होंने गांव के बीच जाकर हिड़मा की मां से बात की और वहीं उनके घर पर भोजन भी किया। उन्होंने कहा- अब हिंसा का कोई मतलब नहीं रह गया है। आपका बेटा लौट आए, यही सबसे अच्छा रास्ता है। सरकार आत्मसमर्पण करने वालों के लिए दरवाजे खोल चुकी है।

डिप्टी सीएम ने बताया कि सरकार बस्तर में शांति चाहती है और इसके लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि अगर हिड़मा आत्मसमर्पण करना चाहता है, तो सरकार उसे पूरा सहयोग देगी।

कौन है हिड़मा?

हिड़मा बस्तर का सबसे कुख्यात नक्सली कमांडर है। वह पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) की बटालियन नंबर 1 का प्रभारी है और कई बड़ी नक्सली वारदातों – जैसे ताड़मेटला हमला (2010), बुरकापाल हमला (2017) और अरनपुर आईईडी ब्लास्ट (2023) – में उसका नाम जुड़ा है।केंद्र सरकार ने उस पर 40 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है, और सुरक्षा बल लंबे समय से उसे पकड़ने के लिए अभियान चला रहे हैं।

Exit mobile version