0 सोमवार को जनदर्शन में करेंगे शिकायत
कोरबा/पाली। जनपद पंचायत पाली की ग्राम पंचायत पोड़ी के उपसरपंच शिव दुलारी साहू ने सरपंच -सचिव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और जनपद पंचायत सीईओ, एसडीएम से बार-बार शिकायत करने के बाद भी सीईओ जनपद पंचायत द्वारा अब तक जांच रिपोर्ट का खुलासा नहीं किये जाने से नाराज श्री साहू फिर एसडीएम कार्यालय पाली पहुंचे और जांच ना होने की शिकायत की। श्री साहू सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करने पहुंचेंगे।
गत अक्टूबर से लेकर अब तक उन्होंने कई शिकायत पत्र अधिकारियों को दिए और एसडीएम द्वारा जांच के आदेश के तहत जनपद सीईओ द्वारा जांच भी करायी गई। लेकिन अब तक कोई कार्यवाही ना होने से नाराज शिवदुलारी साहू ने इसकी शिकायत एसडीएम से की। 13 दिसंबर को सौंपे ज्ञापन में अधिकांश पंचों ने भी पत्र में हस्ताक्षर कर संयुक्त ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। पत्र में लिखा गया है कि सरपंच सचिव द्वारा गत एक वर्ष से कोई ग्राम सभा नहीं करायी और करोड़ों की राशि का आहरण कर लिया और काम का कोई अतापता नहीं है। एक वर्ष पूर्व ग्राम सभा का आयोजन पूरे पंचवर्षीय कार्यकाल में एक बार लिया गया, लेकिन कोरम के अभाव में कोई चर्चा नहीं हो पायी और ग्राम सभा को टाल दिया गया। उन्होंने एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा है कि शासन के करोड़ों रूपयों को सरपंच सचिव द्वारा बंदर बाट कर दिया गया है। ज्ञापन देने वालों में उपसरपंच शिवदुलारी साहू, वार्ड 10 की पंच लक्ष्मीन बाई, वार्ड 17 के पंच समुंद सहित वार्ड 09, वार्ड 08, वार्ड 16, वार्ड 18,19,07,06,04,03,13 सहित 14 पंच शामिल हैं।
सोमवार को जनदर्शन में होगी शिकायत

शिवदुलारी साहू ने बताया कि जनपद पंचायत पाली में जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई और जांच अधिकारियों ने सिर्फ मेरे से बयान लिया और जांच रिपोर्ट पूछने पर जांच अधिकारियों ने बताया कि सरपंच सचिव ने कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया। इस तरह एसडीएम पाली के आदेश पर अधिकारियों द्वारा खानापूर्ति कर दी गई। श्री साहू ने बताया कि सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत की जाएगी और पोड़ी में सरपंच सचिव द्वारा करोड़ों के भ्रष्टाचार की शिकायत कलेक्टर से की जाएगी।
जहां भी गया सचिव, वहां हुआ बंटाधार
उपसरपंच शिवदुलारी साहू ने बताया कि सचिव रामकुमार टेकाम जिस पंचायत में गया, वहां के विकास कार्यों का बंटाधार कर दिया। इसके पूर्व डोंगानाला में भी लाखों का भ्रष्टाचार इस सचिव के कार्यकाल में हुआ और रिकव्हरी आदेश भी हुआ। इसके बाद जब से ग्राम पंचायत पोड़ी में रामकुमार टेकाम ने पदभार संभाला है, तब से मनमानी करते हुए बिना विकास कार्य किये करोड़ों का भ्रष्टाचार किया है।
सचिव को नहीं हटाया तो चुनाव में भी होगी धांधली!
उपसरपंच श्री साहू सहित अन्य पंचों ने बताया कि सचिव रामकुमार टेकाम को तत्काल ग्राम पंचायत पोड़ी से हटाया जाए, भ्रष्टाचार के मामले में कड़ी कार्यवाही करें, अन्यथा आने वाले पंचायत चुनाव में भी धांधली हो सकती है। श्री साहू ने बताया कि सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में सचिव के खिलाफ कार्यवाही के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
