DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अल नीनो के बावजूद खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 16.71 करोड़ टन रहने का अनुमान: चौहान

नई दिल्ली, एजेंसी। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि अल नीनो के प्रभाव और मानसून में देरी के बावजूद फसल वर्ष 2026-27 में खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 16.71 करोड़ टन रहने का अनुमान है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन से 97.7 लाख टन अधिक है। 

चौहान ने खरीफ फसलों के पहले अग्रिम अनुमान जारी करते हुए कहा कि अल नीनो और मानसून में देरी के कारण मौसम की गंभीर चुनौतियों के बावजूद खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 16.71 करोड़ टन रहने का अनुमान है। यह अनुमान सरकार की ओर से सितंबर में तय किए गए 19.62 करोड़ टन के खरीफ उत्पादन लक्ष्य से कम है। उस समय सरकार ने अल नीनो का हवाला देते हुए वर्ष 2026-27 के लिए कुल खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य भी घटाकर 37.39 करोड़ टन कर दिया था। फसल सत्र आगे बढ़ने के साथ अग्रिम अनुमानों में आमतौर पर संशोधन किया जाता है।

वर्ष 2026 के खरीफ सत्र में पोषक अनाज (मोटे अनाज) का उत्पादन 3.81 करोड़ टन और तिलहन का उत्पादन 2.39 करोड़ टन रहने का अनुमान है। खरीफ फसलों की कटाई पूरी हो चुकी है और किसानों ने गेहूं जैसी रबी की फसलों की बुवाई शुरू कर दी है। चौहान ने जून में समाप्त फसल वर्ष 2025-26 के अंतिम उत्पादन अनुमान जारी करते हुए कहा कि देश का खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 37.85 करोड़ टन पर पहुंच गया। यह इससे पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5.8 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन 2.08 करोड़ टन अधिक रहा, जो 2024-25 में 35.77 करोड़ टन था। चावल का उत्पादन 3.3 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 15.51 करोड़ टन हो गया, जो 2024-25 में 15.018 करोड़ टन था। 

गेहूं का उत्पादन भी 3.5 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 12.206 करोड़ टन पर पहुंच गया। भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश है। चौहान ने कहा कि चावल का निर्यात पांच प्रतिशत बढ़ा है। इसमें अमेरिका, कनाडा और पश्चिम एशिया को प्रीमियम बासमती चावल का निर्यात भी शामिल है। मक्का का उत्पादन करीब 27 प्रतिशत बढ़कर 5.50 करोड़ टन हो गया, जो पिछले वर्ष 4.34 करोड़ टन था। दलहन का कुल उत्पादन 6.1 प्रतिशत बढ़कर 2.72 करोड़ टन रहा। तिलहन का उत्पादन 0.6 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 4.326 करोड़ टन हो गया, जो 2024-25 में 4.299 करोड़ टन था। मूंगफली का उत्पादन 1.194 करोड़ टन से बढ़कर 1.317 करोड़ टन हो गया। 

Exit mobile version