नई दिल्ली, एजेंसी। छत्तीसगढ़ की तरह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। यहां बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। रविवार को तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
यूपी में भी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। बाराबंकी में करीब 1,250 ग्रामीणों के लिए नाव ही आने-जाने का सहारा बनी हुई है। लोगों को रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी हो रही है।
मध्य प्रदेश के सीधी में शनिवार को रू.104 करोड़ लागत से 6 महीने पहले बनी सड़क का बड़ा हिस्सा बारिश में बह गया। नरसिंहपुर में रेतघाट पुल पानी में डूब गया है।
सतना में बाइक समेत तीन लोग नाले में बह गए। इनमें दो लोग बच गए, तीसरा लापता है। पन्ना में उफनती नदी में एक डंपर बह गया।
सैटेलाइट मैप में देखें बादलों की स्थिति…
देशभर में मौसम की तस्वीरें…
बिहार के खगड़िया में गंगा का पानी गांव में पहुंच गया है। बच्चे सिर पर बैग रखकर स्कूल जाने को मजबूर हैं।
दिल्ली के जसोला में 15 साल का लड़का खुले नाले में बहा, NDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया ।
हिमाचल प्रदेश के मंडी में बारिश के कारण पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर सड़क धंस गई, जिससे गाड़ी की आवाजाही रुक गई है।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रविवार सुबह अगस्त के महीने में घना कोहरा देखने को मिला। विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रह गई।
उत्तराखंड के मसूरी में मॉल रोड पर सुबह करीब 3 बजे भारी बारिश के दौरान एक पेड़ होटल पर गिर गया। हादसे में होटल की छत को नुकसान पहुंचा है।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा का पानी बढ़ने से बोटिंग बंद कर दी गई है। इसके कारण नावें किनारों पर खड़ी हैं।
उत्तर प्रदेश में सभी प्रमुख 84 घाट डूब गए हैं। तस्वीर नमो घाट की है।
