DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बांकीमोंगरा में विकास को मिली रफ्तार, कटाईनार से शुरू हुआ सड़कों के कायाकल्प का काम; 2027 से पहले स्थापित होगी छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा

कोरबा/बांकीमोंगरा। लंबे समय से बदहाल सड़कों की समस्या से जूझ रहे बांकीमोंगरा नगरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर पालिका परिषद ने सड़क सुधार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डामरीकरण कार्यों की शुरुआत कर दी है। कटाईनार के वार्ड क्रमांक 13 और 14 में सड़क डामरीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष ने घोषणा की कि आगामी 1 नवंबर 2027 से पहले नगर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

कटाईनार से शुरुआत, दूसरे वार्डों की सड़कों की भी बदलेगी तस्वीर

नगर के कई वार्डों और कॉलोनियों में सड़कें लंबे समय से जर्जर स्थिति में हैं। खराब सड़कों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए प्रथम चरण में कटाईनार के वार्ड 13 एवं 14 में डामरीकरण कराया जा रहा है। इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर अन्य वार्डों की खराब सड़कों को भी दुरुस्त करने की योजना है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, पार्षद अश्वनी मिश्रा, पार्षद श्रीमती रम्भा हेम सिंह कंवर, एल्डरमैन श्रीमती राखी अग्रवाल, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की।

विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं हो : विधायक

इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। बांकीमोंगरा में लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या बनी हुई थी। डामरीकरण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

अन्य वार्डों में भी चरणबद्ध तरीके से होंगे काम : सोनी विकास झा

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि बांकीमोंगरा को विकास की दिशा में आगे ले जाना परिषद का संकल्प है। जिन वार्डों में सड़कें खराब हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर डामरीकरण कराया जाएगा। कटाईनार के वार्ड 13 और 14 से इसकी शुरुआत की गई है। आगे अन्य वार्डों में भी जरूरत के अनुसार सड़क सुधार के कार्य कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सड़क, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की प्राथमिकता है। इसके साथ ही आगामी राज्य स्थापना दिवस के अवसर को विशेष बनाने के लिए 1 नवंबर 2027 से पहले नगर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

सड़क की मजबूती बनाए रखने नागरिकों से सहयोग की अपील

पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा ने कहा कि नगर के विकास में जनप्रतिनिधियों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने वार्डवासियों से निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क बनने के बाद कुछ दिनों तक उस पर पानी का छिड़काव या पानी का बहाव न होने दें, ताकि डामरीकरण की गुणवत्ता और मजबूती बनी रहे। उन्होंने कहा कि उद्देश्य सिर्फ सड़क बनवाना नहीं, बल्कि उसे लंबे समय तक टिकाऊ बनाना भी है।

वार्डवासियों की पुरानी मांग हुई पूरी : पार्षद

पार्षद अश्वनी मिश्रा ने कहा कि वार्ड के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि जर्जर सड़कों का डामरीकरण कराया जाए। भूमिपूजन के साथ कार्य शुरू होना वार्डवासियों के लिए खुशी की बात है। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क की बदहाल स्थिति से राहत मिलेगी। उन्होंने वार्ड की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास जारी रखने की बात कही।

2027 के राज्य स्थापना दिवस से पहले छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने दोहराया कि 1 नवंबर 2027 को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस से पहले नगर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस को भव्य और गरिमामय तरीके से मनाने की तैयारी भी की जाएगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में आसपास के जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version