DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

देवर ने भाभी के सिर पर मारी कुल्हाड़ी…:33 डिसमिल जमीन के लिए घर में घुसकर किया अटैक, 24 घंटे से बेहोश है महिला

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 33 डिसमिल ज़मीन के लिए एक देवर ने अपनी भाभी पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां वह 24 घंटे से बेहोश है। कुल्हाड़ी से मारने का LIVE वीडियो भी सामने आया है। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक कुल्हाड़ी से मारने वाले आरोपी का नाम हितेंद्र तरुण (29) है। वह अपने बड़े भाई की 33 डिसमिल जमीन को लेकर अपनी भाभी अनीता सूर्यवंशी (35) पर वार किया है। जमीन को लेकर 15 दिन से विवाद चला था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

हमले की तस्वीरें-

युवक ने पहले दरवाजा खटखटाया, दरवाजा खुलते ही कुल्हाड़ी लेकर घुसा आरोपी।

पति-पत्नी मिन्नतें करते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माना। पहले डराया, फिर हमला कर दिया।

महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी, हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, वारदात 16 जुलाई की रात 11 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। ग्राम भैंसदा में दोनों का घर आमने-सामने है। आरोपी देवर हितेंद्र तरुण (29) अपने बड़े भाई की 33 डिसमिल जमीन को 8 लाख में मांग रहा था, जबकि उसकी बाजार में कीमत करीब 14 लाख थी।

इस दौरान बड़े भाई गिरधर सूर्यवंशी (40) ने पता किया, जहां ज्यादा रेट मिल रहा था, वहां बेच दिया। इसे लेकर दोनों भाई के बीच विवाद चल रहा था। इसी बीच आरोपी गुरुवार को घर में घुसकर अपनी भाभी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया। हमले के बाद महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।

महिला के पति ने बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला किया, लेकिन पति ने किसी तरह अपनी जान बचाई।

हमले के बाद मौके से भाग गया था आरोपी

महिला के पति गिरधर सूर्यवंशी के मुताबिक, रात में दोनों घर पर थे, तभी आरोपी युवक दरवाजा खटखटा कर अंदर घुसा। वह अपने साथ कुल्हाड़ी लेकर आया था। पति-पत्नी और युवक के बीच बहस हुई। युवक ने पहले कुल्हाड़ी उठाकर दोनों को डराया, फिर सीधे महिला के सिर पर वार कर दिया।

महिला पर हमले के बाद उसने पति पर भी वार करने की कोशिश की, लेकिन पति ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। आरोपी वारदात के वक्त नशे में धुत था।

हमले से महिला का सिर पर गहरी चोट है, काफी खून बह गया है। बिलासपुर सिम्स में इलाज जारी है।

कैसे बना लाइव वीडियो

आरोपी पिछले कई दिनों से पीड़ित पक्ष को परेशान कर रहा था। पहले भी घर घुसकर विवाद कर चुका था, जिससे दंपती डरे-सहमे हुए थे। घटना वाली रात जब जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। इस दौरान महिला के पति ने कैमरा ऑन कर सामने रख दिया था।

गिड़गिड़ाते रहे पति-पत्नी

2 मिनट के वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि आरोपी आरोपी हितेंद्र तरुण (29) ने घर घुसते ही पति-पत्नी के ऊपर कुल्हाड़ी तान दी और डराने लगा। दोनों मना करते रहे, इसी बीच पूरी ताकत के साथ मारा। वीडियो में आवाज भी सुनी जा सकती है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

एसपी विवेक पांडेय ने बताया कि, पुलिस ने घायल महिला को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। महिला की स्थिति अभी गंभीर है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के बाद आरोपी और उसका पूरा परिवार ताला लगाकर भाग गया था।

Exit mobile version