DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

धराली त्रासदी- 5 की मौत, एक ऑफिसर, 8 जवान लापता:धराली से 70, हर्षिल से 190 और गंगोत्री से 274 लोगों का रेस्क्यू

देहरादून,एजेंसी। उत्तराखंड के धराली में हुए हादसे में अब तक 5 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। 70 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। प्रशासन के हवाले से सेना ने बताया कि 50 से ज्यादा लोग लापता हैं। एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) और 8 जवान लापता हैं।

वहीं, आर्मी के 9 जवानों और 3 सिविलियंस को हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू कर देहरादून लाया गया। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को AIIMS ऋषिकेश, 9 लोगों को उत्तरकाशी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि गंगोत्री और आसपास के क्षेत्रों में करीब 400 लोग फंसे हैं। वहां से अब तक 274 लोगों को हर्षिल लाया गया है। सभी को हर्षिल से उत्तरकाशी और देहरादून लाने का काम जारी है।

हर्षिल से अब तक 190 लोगों को ITBP मातली शिफ्ट किया जा चुका है। राज्य सरकार, जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, ITBP, NDRF और अन्य एजेंसियां रेस्क्यू व राहत कार्यों में जुटी हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

दरअसल, उत्तरकाशी जिले के धराली में मंगलवार 5 अगस्त को दोपहर 1.45 बजे बादल फट गया था। गंगोत्री के पहाड़ों से बहने वाली खीर गंगा नदी में बाढ़ आ गई। तेज रफ्तार पानी के साथ आए मलबे ने 34 सेकेंड में धराली गांव को जमींदोज कर दिया था।

Exit mobile version