शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें किसान-डॉ. पवन सिंह
कोरबा। विभागीय गतिविधियों के प्रचार प्रसार एवं पशुपालकों को पशु पालन की ओर रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को ग्राम सलिहाभाठा कोरबा में जिला स्तरीय पशु मेला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के उन्नत नस्ल के पशु पक्षियों की उत्कृष्ट प्रदर्शनी से किसान लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में पशुपालकों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 100 से अधिक पशुपालकों द्वारा अपने पशु पक्षियों का प्रदर्शन किया गया। उन्नत पशुओं हेतु पशुपालकों को प्रोत्साहन स्वरुप अतिथियों के करकमलों से पुरस्कार वितरित किये गये। कार्यक्रम विकासखंड कोरबा अंतर्गत ग्राम सलिहाभांठा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रुप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, फूलसिंह राठिया-विधायक, विधानसभा क्षेत्र रामपुर, कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती अमिलाबाई कंवर- सरपंच, ग्राम सलिहाभांठा, विशिष्ट अतिथि के रुप में विनय कंवर-अध्यक्ष, जिला गौधाम समिति, श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत-जिला पंचायत सदस्य, श्रीमती सावित्री अजय कंवर-सदस्य जिला पंचायत कोरबा, श्रीमती बिजमोती राठिया-अध्यक्ष, जनपद पंचायत कोरबा के आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने कहा कि किसान एवं पशुपालक अधिक से अधिक शासकीय योजनाओं का लाभ उठाएं, ताकि गोधन बढ़े और खेती-किसानी के प्रति रूझान बढ़े।
रामपुर विधायक फुलसिंह राठिया ने अधिकारियों से कहा कि शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार ठीक से करें और हितग्राहियों को इसकी जानकारी दें। जानकारी के अभाव में किसान, ग्रामीण, पशुपालक शासकीय योजनाओं से वंचित हो जाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों, ग्रामीणों के गांव-गांव जाकर योजनाओं की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हों।
