पूर्व अध्यक्ष गिरधारीलाल साहू ने कहा- गिरजा साहू स्वयंभू अध्यक्ष, चुनाव अवैध
कोरबा। आज प्रेस क्लब तिलक भवन टी पी नगर कोरबा में जिला साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष गिरधारीलाल साहू सहित नाराज पक्ष ने पत्रकार वार्ता लेकर कोरबा महानगर साहू संघ गठन की जानकारी दी। गिरधारीलाल साहू ने कहा कि मैंने अपने कार्यकाल में विघटित समाज को एकजूट किया और कल जिला साहू संघ चुनाव के पूर्व एकजूट करने का प्रयास किया, लेकिन हर तरह से यह प्रयास असफल रहा और 330 आजीवन सदस्यों का नाम मतदाता सूची से विलोपित कर दिया गया और हम चुनाव नहीं लड़ पाए, क्योंकि उन्होंने अपने बनाए नए बायलॉज में शर्त रख दी थी, जिसमें कहा गया है- जिनका नाम मतदाता सूची में होगा, वही चुनाव लड़ सकेंगे। यूं कहें तो जो उम्मीदवार सामने आ रहे थे, उन्हें हटा दिया गया और गिरजा साहू स्वयंभू अध्यक्ष बन गए।
हम चुनाव का बहिष्कार करते हैं
गिरधारीलाल साहू, वरिष्ठ सदस्य एवं प्रदेश साहू संघ के वरिष्ठ सदस्य रविन्द्र साहू, तहसील अध्यक्ष बालाराम साहू, पूर्व महासचिव धनीराम साहू सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि गिरजा साहू का निर्विरोध अध्यक्ष बनना फर्म एवं सोसायटी के नियम एवं शर्तों के मुताबिक नहीं हुआ और उन्होंने कहा कि जानबूझ कर 330 आजीवन सदस्यों का नाम काट दिया गया और 690 नए सदस्यों को मतदाता सूची में जोड़ा गया। हमें चुनाव लड़ने से रोका गया और हमारे अधिकारों का हनन किया गया। रविन्द्र साहू और गिरधारीलाल साहू ने कहा कि हमने प्रदेश साहू संघ के सामने भी आपत्ति की और पिछली कार्यकारिणी से बातचीत के जरिए एकजुटता का परिचय देने के लिए संवाद की कोशिश की, लेकिन वे हमारी बात सुनने को तैयार नहीं हुए और हमें समाज को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नया संगठन-कोरबा महानगर साहू संघ का गठन करना पड़ा। हम गत 09 दिसम्बर को हुए जिला साहू संघ के चुनाव का विरोध करते हैं और उस चुनाव को अवैध घोषित कराने के लिए फर्म एवं सोसायटी सहित न्यायालय का शरण लेंगे।
गिरजा साहू के कार्यकाल में एक भी रचनात्मक कार्य नहीं
रविन्द्र साहू एवं पूर्व अध्यक्ष गिरधारीलाल साहू ने कहा कि गिरजा साहू का कार्यकाल तीन साल का था, लेकिन हमारे दबाव के बाद भी वे और प्रदेश संघ ने चुनाव पर कोई दिलचस्पी नहीं ली और दो साल और समय तक वे अध्यक्ष बने रहे। पिछले चुनाव में भी अवैध तरीके से गिरजा साहू जिला अध्यक्ष बने। मात्र 21 मतदाताओं के जरिए वे अध्यक्ष बने।
उन्होंने कहा कि फाऊंडर अध्यक्ष गजानंद प्रसाद साहू ने जिला साहू संघ के लिए जमीन और भवन तथा मैंने विस्तार के लिए काम किया और जिला साहू संघ को उनका अपना भवन मिला और जमीन भी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारे द्वारा डॉ. रमन सिंह द्वारा झगरहा में 1.85 एकड़ समाज को दी गई जमीन को तात्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को साफ-साफ कह दिया कि हमें जमीन नहीं चाहिए और इस तरह हमें मिली मिलाई जमीन हमारे हाथ से छूट गई। उन्होंने गिरजा साहू पर आरोप लगाया कि वे अपने 5साल के कार्यकाल में एक भी रचनात्मक कार्य नहीं किया और आय-व्यय, लेखाजोखा में 32 लाख खर्च करना बताया, जिसमें 7 लाख की लेनदारी बताई गई है, जबकि समाज के लिए उन्होंने एक भी कार्य नहीं किया।
जिला कोरबा महानगर की नई कार्यकारिणी कुछ इस तरह है

गिरधारीलाल साहू-संरक्षक, धनीराम साहू-संरक्षक, मनकराम साहू-अध्यक्ष, बद्रीप्रसाद साहू-उपाध्यक्ष, पद्मिनी साहू-उपाध्यक्ष, मदनगोपाल साहू-संगठन सचिव, पुनीराम साहू-सचिव, मुन्ना साहू-कोषाध्यक्ष, रविन्द्र साहू-मीडिया प्रभारी/सलाहकार, बालाराम साहू-कार्यवाहक अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य- दमन साहू-खरमोरा, सीपी साहू-एमपी नगर, दिनेश साहू-रजगामार, कृष्णा साहू-नेवसा, लोटनापारा, कृपाराम साहू-बालकोनगर, राधेश्याम साहू-हरदीबाजार, घनश्याम साहू-दीपका, श्रीमती रामकुमारी साहू- संरक्षक (महिला), संध्या साहू-कोहड़िया, मुन्ना साहू-संरक्षक/सलाहकार।
पत्रकार वार्ता में सुमनबाला साहू, अंजू साहू, शिवकुमारी साहू, रजनी साहू, नंदिनी साहू, रामकुमारी साहू, राधा साहू, जानकी साहू, सविता साहू, कमला साहू, खुशबू साहू, माधुरी साहू सहित अन्य लोग उपस्थित थे। पूर्व पार्षद पालूराम साहू भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
