प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय के नेतृत्व में दिव्य मंत्रोच्चार के साथ किया गया दीप प्रज्ज्वलन
आस्था से सराबोर हुआ मंदिर परिसर, नवरात्रि के प्रथम दिन ही उमड़ी भक्तों की भीड़
मंत्री लखनलाल देवांगन सहित हजारों भक्तों ने किया माँ का दर्शन
प्रथम दिन महाआरती में शामिल हुए कोरबा के सैकड़ों लोग
कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश की दैदिव्यमान एवं कोरबा की आस्था का केन्द्र माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में शारदीय कंवर नवरात्रि का प्रथम दिन दिव्यता के साथ आया और मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय सपत्नीक कलश स्थापना पूजन में शामिल हुए और विद्वान पंडितों की उपस्थिति में दिव्य मंत्रोच्चार के साथ ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए और घट स्थापना के साथ ज्योति कलश जल उठे। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की गई और पूजन के बाद ज्योति कलशों को प्रज्ज्वलित किए गए।
11500 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर में अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए श्रद्धालू ज्योति कलश प्रज्ज्वलित कराते हैं और इस बार 11500 ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए हैं। पंडित नमन पाण्डेय ने बताया कि 11500 ज्योति कलश में तैल्य एवं घृत कलश शामिल हैं।
प्रथम दिन माँ शैलपुत्री के रूप में माँ दुर्गा की पूजा
माँ सर्वमंगला देवी दुर्गा के रूप में विराजमान हैं और वर्षों से यह छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े आस्था केन्द्रों के रूप में एक है। यह कोरबा की ही नहीं बल्कि प्रदेश और देश की जागृत देवी के रूप में विश्वविख्यात है। आज प्रथम दिन माता शैलपुत्री के रूप में माँ सर्वमंगला देवी की पूजा अर्चना की गई।
माँ को भोग अर्पण
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर प्रबंधक एवं पुजारी नमन पाण्डेय ने आज प्रथम दिन परिवार सहित माँ शैलपुत्री के रूप में माँ सर्वमंगला देवी को भोग के रूप में गाय का घी और फल का भोग लगाकर कोरबा के लिए सुख समृद्धि की कामना करते हुए विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की।
प्रथम दिन अभूतपूर्व भीड़
क्वांर शारदीय नवरात्रि आश्विन शुक्ल प्रतिपदा को माँ सर्वमंगला का दर्शन पाने जिले के दूर दराज से श्रद्धालू दर्शन करने पहुंचे थे। मंत्री लखनलाल देवांगन सहित भाजपा कार्यकर्ता आज प्रथम दिन माँ सर्वमंगला का दर्शनलाभ लिया और कोरबा की खुशहाली की कामना की। हजारों की संख्या में आज सर्वमंगला देवी का दर्शन श्रद्धालुओं ने किया।
महाआरती में सैकड़ों लोग शामिल
संध्या 07.00 बजे माँ शैलपुत्री की महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
कल माँ ब्रम्हचारिणी की पूजा
आश्विन शुक्ल द्वितीया दिन मंगलवार नवरात्रि के दूसरे दिन माँ सर्वमंगला की पूजा माँ ब्रम्हचारिणी देवी के रूप में की जाएगी। माँ ब्रम्हचारिणी देवी को भोग के रूप में मिश्री और फल अतिप्रिय हैं, इसलिए कल इन्हीं दोनों चीजों का भोग लगाया जाएगा। प्रबंधक एवं पूजारी नमन पाण्डेय ने बताया कि माँ ब्रम्हचारिणी देवी की पूजा अर्चना से मोक्ष की प्राप्ति होती है।