DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

यात्री वाहनों की घरेलू थोक बिक्री अक्टूबर में 12 प्रतिशत बढ़कर 5.19 लाख इकाई

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में यात्री वाहनों की घरेलू थोक बिक्री अक्टूबर में सालाना आधार पर 12.4 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 5.19 लाख इकाई हो गई। उद्योग निकाय सियाम ने यह जानकारी दी। अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 4.62 लाख इकाई था। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ”यात्री वाहन खंड ने अक्टूबर में अब तक का अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और मासिक बिक्री में पांच लाख इकाइयों का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार किया।” 

आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया वाहनों की घरेलू थोक बिक्री अक्टूबर में 16.1 प्रतिशत बढ़कर 25.78 लाख इकाई हो गई, जबकि अक्टूबर 2025 में यह 22.20 लाख इकाई थी। तिपहिया वाहनों की घरेलू बिक्री 25.7 प्रतिशत बढ़कर 1.03 लाख इकाई रही, जो एक साल पहले 82,190 इकाई थी। मेनन ने कहा कि ग्रामीण और शहरी, दोनों बाजारों में ऋण की बेहतर उपलब्धता तथा पुराने वाहनों को बदलने की मांग से दोपहिया वाहनों की मांग को लगातार समर्थन मिल रहा है। 

उन्होंने कहा कि तिपहिया वाहनों के मामले में अंतिम छोर तक आवागमन की जरूरतें और लोगों का तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख करना क्षेत्र की वृद्धि के प्रमुख कारक बने हुए हैं। अक्टूबर में कुल घरेलू वाहन थोक बिक्री 15.7 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 31.26 लाख इकाई रही। निर्यात 26 प्रतिशत बढ़कर 6.82 लाख इकाई हो गया। अक्टूबर में वाहनों का कुल उत्पादन 28.6 प्रतिशत बढ़कर 36.19 लाख इकाई रहा। कुल घरेलू बिक्री, निर्यात और उत्पादन के साथ-साथ विभिन्न वाहन खंडों के आंकड़ों में बी.एम.डब्ल्यू., मर्सिडीज, जे.एल.आर., टाटा मोटर्स और वोल्वो ऑटो के आंकड़े शामिल नहीं हैं। टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री के आंकड़े केवल कुल यात्री वाहन बिक्री के आंकड़ों में शामिल हैं। 

दोपहिया वाहनों की घरेलू बिक्री में वृद्धि मुख्य रूप से स्कूटर की वजह से रही। स्कूटर की बिक्री 31.6 प्रतिशत बढ़कर 10.97 लाख इकाई हो गई, जबकि मोटरसाइकिल की बिक्री 6.6 प्रतिशत बढ़कर 14.23 लाख इकाई रही। इस महीने की शुरुआत में फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) की ओर से जारी वाहन पंजीकरण के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में वाहनों की खुदरा बिक्री 23.8 प्रतिशत घटकर 31.72 लाख इकाई रह गई। इस दौरान दोपहिया और यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री में गिरावट आई। इस साल धनतेरस और दिवाली नवंबर में आना अक्टूबर में वाहन पंजीकरण में गिरावट की मुख्य वजह रही। 

पिछले साल नवरात्र और दिवाली दोनों अक्टूबर में थे। साथ ही पिछले साल माल एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) की दरों में कटौती के बाद मांग में आई तेज वृद्धि का भी असर रहा था। इस बीच, निर्यात के मोर्चे पर सियाम के आंकड़ों के अनुसार, यात्री वाहनों का निर्यात 21.8 प्रतिशत बढ़कर 83,716 इकाई हो गया। दोपहिया वाहनों का निर्यात 26.5 प्रतिशत बढ़कर 5.44 लाख इकाई रहा। अप्रैल से अक्टूबर के दौरान यात्री वाहनों की घरेलू थोक बिक्री 30.83 लाख इकाई रही, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 24.56 लाख इकाई थी। दोपहिया वाहनों की थोक बिक्री बढ़कर 1.47 करोड़ इकाई हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 1.25 करोड़ इकाई थी। 

Exit mobile version