कोरबा/ छुरीकला। एक तरफ जहां मानसून की बारिश से चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है और बारिश से सड़क से लेकर घरों में भी पानी घूस रहा है, वहीं दूसरी तरफ बरसात के दिनों में भी नगर पंचायत छुरीकला नगर के कई वार्डों में महीनों से पेयजल की भारी समस्या से लोगों को जुझना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि समस्या को गंभीरता से नहीं लिए जाने से लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति गुस्सा फूटने लगा है । नगर के वार्ड क्रमांक 4 और 5 में पिछले एक सप्ताह से पानी आपूर्ति ठप्प पड़े होने से वार्ड वासियों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है। यह समस्या सभी वार्ड मे चुनाव के बाद बढ़ गई है, जो लगातार चल रही है। कई वार्ड ऐसे हैं जहां दो से तीन दिन के अंतराल में पानी आपूर्ति की जा रही है। जिससे वार्डवासी दो से तीन दिनों से रखे पानी का उपयोग कर रहे हैं, इससे स्वास्थ्य समस्या भी आ रही है।

लोगों का कहना है कि पहले इतनी समस्या नहीं होती थी। नलजल आपूर्ति ठप्प होती थी, तो टैंकर से वार्डों में जल आपूर्ति की जाती थी, वहीं पानी आपूर्ति आधे वार्ड में होती है और गर्मी में पेयजल समस्या झेल चुके लोगों को बारिश में भी समस्या झेलनी पड़ रही है। चुनाव के बाद तीन इंजन की सरकार बनने के बाद समस्या बढ़ गई है, वहीं जनप्रतिनिधि पानी समस्या से निजात दिलाने को लेकर गंभीरता नहीं ले रहे हैं और जिससे पेयजल की समस्या लगातार विकराल होते जा रही है।
