कोरबा। कोरबा जिले के नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा क्षेत्र में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। पिछले 5 से 7 दिनों से टेपनल के माध्यम से पानी की आपूर्ति बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल संकट को लेकर विपक्षी पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए त्वरित समाधान की मांग की है।

पार्षदों का कहना है कि पेयजल समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को पत्र देकर व्यवस्था सुधारने की मांग की गई थी, लेकिन निगम प्रशासन की उदासीनता के कारण स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार पानी की आपूर्ति बाधित रहने से आमजन परेशान हैं।
पार्षदों ने मांग की जरूरतमंद क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन
बुधवार को नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के नेतृत्व में विपक्षी पार्षदों ने सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा। सीएमओ की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन इंजीनियर शिव बर्मन को सौंपा गया।
पार्षदों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल लोगों की सबसे बुनियादी आवश्यकता है और इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती।
दिन में दो बार पानी सप्लाई की मांग
ज्ञापन में टेपनल से जुड़ी तकनीकी समस्या का तत्काल निराकरण करने की मांग की गई है। इसके साथ ही पार्षदों ने मांग रखी कि जब तक व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं होती, तब तक शहर में दिन में दो बार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जल संकट से प्रभावित वार्डों में टैंकरों के माध्यम से नियमित पानी पहुंचाने की भी मांग की ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विपक्षी पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के नेतृत्व में सीएमओ के नाम ज्ञापन सौंपा
प्रशासन ने दिया समाधान का आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद इंजीनियर शिव बर्मन ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि टेपनल से जुड़ी तकनीकी समस्या को जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पानी की अधिक किल्लत है, वहां टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।
आंदोलन की चेतावनी
विपक्षी पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेयजल संकट का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद राकेश अग्रवाल, नवीन कुकरेजा, संदीप डहरिया, हेमंत शाहनी, राजकुमार मिश्रा, राजकुमारी बंसी दास, संतोष मिश्रा और नंदलाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में कहा कि गर्मी के इस मौसम में पेयजल संकट गंभीर समस्या बन चुका है और प्रशासन को तत्काल प्रभाव से स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
