अकलतरा। नगर के लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में पुलिस विभाग द्वारा यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक सुभाष चौबे ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नाबालिग वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना जरूरी है, बाइक या स्कूटी पर दो से अधिक लोग न बैठें और वाहन चलाते समय जरूरी कागजात साथ रखें। साथ ही तेज गति से वाहन न चलाने की सलाह दी। सुभाष चौबे ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर 25 हजार रुपए की सहायता राशि तुरंत दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि लोग कानूनी कार्रवाई के डर से घायल की मदद नहीं करते, लेकिन हमें मानवता दिखानी चाहिए। कार्यक्रम में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी भी दी गई। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी चर्चा हुई। विद्यालय के प्राचार्य सुनील श्रीवास्तव ने कहा कि सभी को जागरूक नागरिक बनना चाहिए और यातायात नियमों का पालन अपने जीवन से शुरू करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नियम तोड़ने पर स्कूल प्रबंधन द्वारा कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में स्कूल का पूरा स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
