DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

टेंशन में ड्राइवर ने चलाई रिवर्स कार

धमतरी में नशे में दुकान-ठेले को मारी टक्कर, जान बचाकर भागे लोग; पकड़कर थाने ले आई पुलिस

धमतरी,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक ड्राइवर ने टेंशन में आकर खूब उत्पात मचाया। बिलाई माता मंदिर के पास युवक ने कार को तेज रफ्तार में रिवर्स करते हुए कई राउंड लगाए। वह नशे में था। कार ने फूल-नारियल की दुकानों और टीन के पोल को टक्कर भी मारी।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 7 जून की रात हुई इस घटना का CCTV भी सामने आया है। इस दौरान वहां मौजूद राहगीर अपनी जान बचाकर भागते दिखे। बताया जा रहा है आरोपी प्रेम देवांगन (25) ड्राइवरी का काम करता है। 1 महीने से दूसरे की गाड़ी चला रहा था। वह टेंशन के कारण हमेशा नशा करता था।

लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागे।

50 मीटर दूरी में चल रही थी बारात

जानकारी के मुताबिक, करीब 50 मीटर की दूरी पर एक शादी समारोह चल रहा था। सौभाग्य से बारातियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना में कार का दाहिना हिस्सा और बोनट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना प्रभारी पहुंचे और कार को जब्त कर लिया। आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया।

आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज

थाना प्रभारी राजेश मरई ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विध्यावासिनी मंदिर के आसपास कार (नंबर CG05 AJ 5336) का ड्राइवर नशे की हालत में एक्सीडेंट किया है।

जिसके बाद मौके पर पहुंच कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूला है। आरोपी धमतरी का ही रहने वाला है। पुलिस की कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया गया।

Exit mobile version