DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

दुर्गा पंडाल की सुरक्षा में तैनात जवान नशे में मिला:हिंदू परिषद के सदस्यों से गाली-गलौज की, गाड़ी की चाबी निकाली, थाने ले गई पुलिस

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में दुर्गा उत्सव के दौरान पंडालों और दशहरा मैदान की सुरक्षा में तैनात जवान नशे की हालत में मिला। शनिवार रात CAF जवान पवन कुमार ट्रैफिक संभाल रहे थे। इसी दौरान हिंदू परिषद और बजरंग जल की टीम भी पंडाल पहुंची।

टीम के सदस्यों ने आरोप लगाया कि जवान ने उनसे गाली-गलौज की और उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली। इसके बाद बजरंग दल के सदस्यों ने हंगामा करते हुए जवान पर कार्रवाई की मांग की। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष चौक स्थित दशहरा मैदान की है।

हंगामा बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जवान का ब्रेथलाइजर टेस्ट किया। जवान नशे में पाया गया, जिसके बाद उसे थाने ले जाया गया। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

CAF जवान और बजरंग दल की टीम के बीच हुआ विवाद।

सुरक्षा में तैनात जवान पर गाली-गलौज का आरोप।

हंगामे के बाद जवान को थाने ले गई पुलिस।

नशे में होने का पता चला तो बढ़ा विवाद

बजरंग दल की टीम के मुताबिक, दुर्गा उत्सव के दौरान उनकी ओर से कोरबा के अलग-अलग दुर्गा पंडालों का भ्रमण किया जा रहा था। इसी दौरान टीम सुभाष चौक स्थित दशहरा मैदान के फेस-1 के पास पहुंची, जहां CAF जवान पवन कुमार, बैच नंबर-8 की ड्यूटी लगी हुई थी।

आरोप है कि जवान ने टीम के सदस्यों को रोक दिया और उनकी गाड़ी की चाबी निकाल ली। जब टीम के सदस्य जवान के पास पहुंचे और बातचीत की, तो उन्हें उसके शराब के नशे में होने का पता चला। इसके बाद बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया।

पुलिसकर्मी पर भी एक्शन की मांग

वायरल वीडियो में बजरंग दल के कुछ सदस्य मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों से कार्रवाई की मांग करते हुए कहते हैं कि यदि आम जनता नशे में इस तरह की हरकत करती, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती। ऐसे में पुलिसकर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

वे पुलिसकर्मियों पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए उनके सामने ही कार्रवाई की मांग करते हैं। वहीं, वीडियो में कुछ लोग यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि कॉन्स्टेबल नशे की हालत में उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। उनका आरोप है कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा है और उनके साथ बदतमीजी व गाली-गलौज कर रहा है।

जवान को थाने ले गई टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। अधिकारियों ने जवान का ब्रेथलाइजर टेस्ट किया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जवान को सिविल लाइन थाने ले जाया गया।

मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जवान का मेडिकल जांच कराया गया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के संबंधित विभाग को पत्र जारी किया जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version