DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

शेयर बाजार में भूचाल, इन कारणों से बिगड़ा स्टॉक मार्केट का मूड, जानें गिरावट के 4 बड़े कारण

मुंबई, एजेंसी। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और वैश्विक अनिश्चितता के चलते घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 600 अंकों से अधिक टूट गया, जबकि निफ्टी 50 भी 24,200 के नीचे फिसल गया।

बाजार में गिरावट की प्रमुख वजहें

1. अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ता तनाव

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने वैश्विक बाजारों में चिंता बढ़ा दी है। खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी, जिससे शेयर बाजार पर दबाव देखने को मिला।

2. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल

भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए महंगे कच्चे तेल से महंगाई और चालू खाते के घाटे की चिंता बढ़ गई है।

3. बैंकिंग शेयरों में भारी बिकवाली

इंडेक्स हैवीवेट एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 4% से अधिक की गिरावट ने बाजार पर अतिरिक्त दबाव डाला। हालांकि जून तिमाही के नतीजों के बाद अधिकांश ब्रोकरेज हाउस का रुख बैंक के प्रति सकारात्मक बना हुआ है। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में लगभग 2.5% की गिरावट रही, जबकि प्रमुख निजी बैंकों में केवल आईसीआईसीआई बैंक बढ़त में कारोबार करता दिखा।

4. India VIX में तेजी

बाजार की अस्थिरता को दर्शाने वाला India VIX करीब 3% बढ़कर 13.54 पर पहुंच गया। VIX में बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।

Exit mobile version